रायपुर, संवाद साधना। सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत सोमवार को माधवराव सप्रे उच्चतर माध्यमिक शाला, बूढ़ापारा की कक्षा नवमीं की 53 छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक सुनील सोनी ने कहा कि शासन की मंशा है कि हर वर्ग की छात्राएं शिक्षा से वंचित न रहें। साइकिल मिलने से अब छात्राओं को स्कूल आने-जाने में समय की बचत होगी और वे पढ़ाई पर अधिक ध्यान दे सकेंगी।

इस अवसर पर शाला विकास समिति के अध्यक्ष हरख मालू ने शासन की योजना के लिए आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय में शिक्षकों की कमी की ओर ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने विधायक और जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारतीय से अनुरोध किया कि स्कूल की गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई के लिए शिक्षक शीघ्र नियुक्त किए जाएं। कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. अनुपमा शर्मा, पार्षद मुरली शर्मा, महादेव नायक, संतोष सोनी, प्रमित नियोगी सहित समस्त शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



