कंपनी प्रबंधन को सौंपा 11 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन, सप्ताहभर में अस्पताल की व्यवस्था ठीक करने का मिला आश्ववासन
रायपुर, संवाद साधना। नव गठित छत्तीसगढ़ विद्युत सेवानिवृत्त कर्मचारी अधिकारी महासंघ ने अपनी स्थापना के 10 दिनों के भीतर ही सेवानिवृत्तों की समस्याओं को लेकर 1 घंटे का अनूठा सांकेतिक प्रदर्शन कर सभा की। सर्वप्रथम ठीक 11 बजे कंपनी द्वार पर हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना कर श्री गणेश आरती, हनुमान चालीसा व आरती का पाठ कर अपने अभियान की विधिवत शुरुआत की।
महासंघ के जगजीत वालिया के संचालन में अभियंता पीएन सिंह, राष्ट्रीय महामंत्री अरुण देवांगन, प्रदेश महामंत्री पुनारद राम साहू और संजय चौधरी ने सभा को संबोधित किया। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि कंपनी प्रशासन की गलत नीतियों के कारण सेवानिवृत्तों को न तो दवाई मिल पा रहा है और न सामान्य खून पेशाब जांच हो पा रहा है, इस ओर पूर्व में ही पत्र के द्वारा प्रबंधन के संज्ञान में लाए जाने के बावजूद उचित कदम नहीं उठाए जाने से बाध्य होकर सेवानिवृत्त महासंघ प्रदर्शन को मजबूर हुई।
इन मांगों को लेकर किया प्रदर्शन
हॉस्पिटल को सुव्यवस्थित करने, पेंशन रिस्टोरेशन अवधि 12 वर्ष करने, 15 वर्ष पूर्ण होने पर बगैर औपचारिकता के पूर्ण पेंशन देने, न्यायालय के आदेशानुसार पदोन्नति नीति स्पष्ट करने के कारण पदोन्नति का लाभ सेवानिवृत्तों को भी प्रदान करने, पेंशन पी एफ ट्रस्ट में कर्मचारी सेवानिवृत्त प्रतिनिधि नियुक्त करने, नवा रायपुर में भव्य भवन निर्माण पर पुनर्विचार करने, सेवानिवृत्त होने की तिथि में सभी कर्मचारियों को सभी लाभ प्रदान करने, सक्षम अनुभवी सेवानिवृत्त कर्मियों को संविदा नियुक्ति प्रदान करने, कोरबा की रिक्त भूमि के हस्तांतरण पर रोक लगाते हुए सोलर प्लांट बनाने व रिक्त आवास गृहों को जरूरतमंद सेवानिवृत्तों को आवंटित करने की मांग की है। महासंघ की तरफ से इन मांगों का ज्ञापन महाप्रबंधक मानव संसाधन श्री परियल को सौंप कर कार्यवाही पर चर्चा की। श्री परियल ने एक सप्ताह के भीतर हॉस्पिटल की व्यवस्था सुधार करने का आश्वासन दिया। प्रबंधन की ओर से उपमहाप्रबंधक औद्योगिक संबंध गोपाल खंडेलवाल और कल्याण अधिकारी टिंकू शर्मा भी उपस्थित रहे।



