चिकित्सा राशि पास कराने के एवज में मांग रहा था रुपए
रायपुर, संवाद साधना। भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने शिक्षा विभाग के एक बाबू को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। यह बाबू शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चांपाझर (चंपारण) अभनपुर में पदस्थ है। बाबू मनोज कुमार ठाकुर ने शिक्षक चंद्रहास निषाद से चिकित्सा राशि पास कराने के एवज में 10 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी। एसीबी ने यह कार्रवाई यह कार्रवाई शिक्षक चंद्रहास की शिकायत के आधार पर की है। एसीबी ने आरोपी मनोज ठाकुर के खिलाफ धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। फिलहाल एसीबी आरोपी से पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
जानकारी के अनुसार शिक्षक चंद्रहास ने नवजात शिशु के इलाज में हुए 1 लाख रुपए के चिकित्सा व्यय की प्रतिपूर्ति के लिए विद्यालय प्राचार्य के कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत किया था, लेकिन फाइल को आगे बढ़ाने के एवज में बाबू ने कुल राशि का 10 प्रतिशत यानी 10 हजार रुपए की मांग की। शिकायत के बाद एसीबी ने पहले शिकायत का सत्यापन किया और फिर गुरुवार को ट्रैप कर आरोपी को रिश्वत लेते पकड़ा। टीम ने तय योजना के तहत प्रार्थी से बाबू को पैसे दिलवाए, और जैसे ही आरोपी ने रिश्वत ली, उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।



