महादेवघाट, जोरा तालाब और गौरव पथ जैसे क्षेत्रों के लिए बनाए गए खास प्लान
संवाद साधना, रायपुर। नगर निगम रायपुर की ओर से शहर को सुंदर और आधुनिक बनाने के लिए तैयार की जा रही नगरोत्थान योजना के तहत बुधवार को महापौर मीनल चौबे के सामने 9 वास्तुविदों (इंजीनियरों/डिज़ाइनरों) ने अपने-अपने प्लान पेश किए।
इन योजनाओं में महादेवघाट का विकास, चौक-चौराहों की मरम्मत, जोरा तालाब का सौंदर्यीकरण, टेक्निकल टावर का निर्माण और गौरव पथ का विकास शामिल है। सभी इंजीनियरों ने बताया कि उनके प्लान में शहर की खूबसूरती बढ़ाने के साथ-साथ आधुनिक सुविधाएं और संस्कृति की झलक भी दिखाई देगी।
अधिकारियों ने बताया कि इन 9 में से किसी एक इंजीनियर की योजना को चुनकर राज्य सरकार को मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।
इस मौके पर महापौर के साथ नगर निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे, जिनमें लोककर्म विभाग के अध्यक्ष दीपक जायसवाल, अपर आयुक्त विनोद पांडेय, मुख्य अभियंता यू.के. धलेन्द्र, अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर, उपायुक्त डॉ. अंजलि शर्मा और कार्यपालन अभियंता अंशुल शर्मा (सीनियर और जूनियर) शामिल थे। नगर निगम को उम्मीद है कि इन योजनाओं से रायपुर शहर का चेहरा बदलेगा और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।



