सात वाहन चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई*
महासमुंद। जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटना रोकने और यातायात नियमों का पालन कराने सोमवार शाम ट्रेफिक अमला ने शहर के मुख्य चौक पर सघन चेकिंग की। उन्होंने नो पार्किंग में खड़े वाहनों और यातायात नियमों का उलंघन करने वाले 25 वाहनों पर चालानी कार्रवाई की।
यातायात डीएसपी राजेश देवांगन ने बताया कि शहर के तुमगांव चौक, कांग्रेस चौक, बरौण्डा चौक में लगे ट्रेफिक सिग्नलों पर रेड सिग्नल जम्प करने वाले 18 वाहन चालकों एवं महासमुन्द शहर की सड़कों पर नो पार्किंग/अवैधानिक रूप से वाहन खड़े करने वाले दोपहिया एवं चार पहिया 07 वाहन चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। कुल 25 वाहन चालकों सेे साढ़े सात हजार रूपये समझौता शुल्क वसूल किया गया। साथ ही महासमुन्द शहर के आम नागरिकों को यातायात नियमों, संकेतों एवं ट्रैफिक सिग्नलों का पालन करने समझाइश दी गयी। श्री देवांगन ने बताया कि जिले में यातायात नियमों की अनदेखी खासकर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के कारण लगातार सड़क दुर्धटनाएं हो रही है जिसमें कई लोगों की मृत्यु भी हो चुकी है। युवा आजकल बिना हेलमेट पहने तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए अपनी और अन्य राहगीरों की जान जोखिम में डाल रहे हैं जिन पर हम नजर बनाए हुए हैं। शहर सहित हाईवे और राजमार्ग पर यातायात का उलंघन करने वालों पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
बता दें कि जनवरी 2022 से अक्टूबर 2022 तक कुल 385 सड़क दुर्घटना में , 227 ने अपनी जान गंवा दी है और 310 घायल हुए हैं जबकि 2021 में कुल 387 सड़क दुर्घटना में 215 ने जान गंवाई व 322 घायल हुए थे। नवंबर के प्रारंभ में ही लगभग आधे दर्जन से भी अधिक सड़क दुर्घटना में 10 ने जान गंवाई है। 7 नवंबर की रात भीषण सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मृत्यु हो गई वहीं एक अन्य घटना में एक मासूम को जान गंवानी पड़ी।



