अभियान के बाद शहर में व्यवस्था ज्यों की त्यों, अमला भी झांकने नहीं पहुंचा*
महासमुंद। शहर की कमान मिलने के बाद नपा अध्यक्ष राशि महिलांग द्वारा प्रारंभ की गई स्वच्छता व्यवस्था और सुरक्षा अभियान को पालिका अफसरों की उदासीनता के चलते ग्रहण लग गया है! स्थिति यह है कि गोल, सब्जी बाजार और मुख्य मार्ग में की गई कार्रवाई के बाद स्थिति फिर ज्यों की त्यों हो गई है।
शहर में अभियान के एक माह बाद व्यवस्था का जायजा लिया। अभियान के बाद दूसरी बार कार्रवाई और अमले के द्वारा निगरानी नहीं किए जाने से व्यवस्था पूरी गड़बड़ा गई है। इधर, शहर के सब्जी बाजार और मुख्य मार्ग में स्थिति जैसे पहले थी वैसी अब भी है। पालिका की कार्रवाई और निर्देश का असर कहीं पर नजर आ रहा है।
गोल बाजार की स्थिति
गोल बाजार में दुकानदारों द्वारा दुकान के बाहर सामान निकालने और ग्राहकों द्वारा बाइक सड़क किनारे खड़ी किए जाने से एक बार फिर से जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। दिवाली के मद्देनजर सामान खरीदने के लिए पहुंच रहे लोगों को जाम से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बाजार के अंदर मालवाहकों की आवाजाही प्रतिबंधित नहीं होने से हर घंटे जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। बता दें कि अभियान के पहले दिन पालिका ने दुकानदारों को सामान दुकान के बाहर नहीं निकालने की सख्त हिदायत दी थी। साथ ही दुकान के बाहर मार्किंग भी की थी पर व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ है।
*सब्जी बाजार सड़क किनारे पसरा*
बिन्नी बाइक सब्जी बाजार में सड़क किनारे पसरा लगाने वालों पर भी पालिका ने कार्रवाई के निर्देेश दिए थे। पर इस अभियान के बाद कोई कार्रवाई नहीं होने से सड़क किनारे फिर से पसरा लगाए जाने से लोगों को परेशानी हो रही है। पालिका द्वारा यहां भी व्यवस्था बनाने पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
*मुख्य मार्ग में अस्थाई दुकानों से पार्किंग की समस्या*
शहर के मुख्य मार्ग में अस्थाई और स्थाई दुकानदारों से व्यवस्थित करने की अपील करते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। पर इस पर पालिका की ओर से अभियान के बाद कोई कार्रवाई न होने से स्थिति पूर्ववत है। दुकानों के बाहर बोर्ड, अस्थाई दुकानें नाली के ऊपर की बजाय सड़क किनारे लगाए जाने से समस्या निर्मित हो रही है।
अभियान के तहत लोगों से व्यवस्था बनाने की अपील की गई थी। पर ऐसा नहीं हो रहा है। रही बात रोज कार्रवाई की तो यह संभव नहीं है। पालिका के पास और अन्य कार्य है।
*आशीष तिवारी, सीएमओ महासमुंद*
अभियान अभी बंद नहीं हुआ है। फिलहाल मैं बाहर हूं आते ही यातायात पुलिस के साथ पालिका में बैठक लेकर अभियान को दिवाली के पूर्व गति देते हुए कार्रवाई की जाएगी।
*श्रीमती राशि महिलांग, नपाध्यक्ष महासमुंद*