*00 पैंकरा कंवर समाज महासभा के पदाधिकारियों की चेतावनी*
महासमुंद। खल्लारी थाना क्षेत्र के तमोरा निवासी आयुर्वेद फार्मासिस्ट रामकुमार दीवान हत्याकांड मामले में आज पैंकरा कंवर समाज महासभा खल्लारी के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच कर आरोपी की गिरफ्तारी और कठोर सजा की मांग की। उन्होंने बताया कि 25-26 सितंबर की रात फार्मासिस्ट की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई और आज 12 दिन बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है। इससे कंवर-पैंकरा समाज आक्रोशित है। यदि जल्द ही हत्यारे को गिरफ्तार नहीं किया जाता है तो समाज उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
बता दें कि आयुर्वेद फार्मासिस्ट रामकुमार दीवान की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या का मामला दर्ज किया था। पुलिस जमीन-जायदाद, लेन-देन, अवैध संबंधों को केंद्र में रखकर जांच-पड़ताल कर रही है। दरअसल, 25-26 सितंबर की रात रामकुमार दीवान (55) की खून से लथपथ लाश उसके घर के बरामदे में पलंग पर मिली थी। पर पत्नी ने पुलिस को बयान दिया कि देर रात 3 बजे शरीर फटने की आवाज के साथ वे अचेत हो गए थे। वे और नौकर कार से उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने लाश का पोस्टमार्टम कराया । शव को देखकर प्रथम दृष्टया हत्या ही लग रहा था, लेकिन पत्नी के बयान के बाद रिपोर्ट दर्ज करने के लिए पुलिस ने पीएम रिपोर्ट आने का इंतजार किया। चिकित्सक ने पीएम रिपोर्ट में बताया कि धारदार हथियार से सीने पर आंतरिक भागों में मार कर गंभीर चोट पहुंचाई गई है। अधिक खून बह जाने और आंतरिक हिस्से में गंभीर घाव के कारण रामकुमार दीवान की मौत हुई। थाना प्रभारी अशोक वैष्णव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद से ही पुलिस व साइबर सेल लगातार सभी पहलुओं पर जांच कर रही है आरोपी के संबंध में अभी तक कोई भी सुराग नहीं मिला है पर जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।



