महासमुंद। जिला कांग्रेस कमेटी महासमुंद के अध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव के द्वारा पीसीसी के निर्देशानुसार पार्टी अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से कड़ी कार्रवाई की गई है।
जिला कांग्रेस कमेटी को प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 02 अप्रैल 2026 को जिला कांग्रेस कार्यालय परिसर में पार्टी के पदाधिकारी विजय साव द्वारा मारपीट, तोड़फोड़ एवं गंभीर अनुशासनहीनता का परिचय दिया गया, जो कांग्रेस पार्टी की विचारधारा एवं संगठनात्मक मर्यादाओं के पूर्णतः विपरीत है। इस घटना से संगठन की छवि को गंभीर क्षति पहुँची है। उक्त मामले में संबंधित पदाधिकारी से स्पष्टीकरण प्राप्त करने हेतु अवसर दिया गया, किन्तु निर्धारित समयावधि में कोई जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया। पार्टी के संविधान एवं अनुशासनात्मक नियमों के तहत प्राप्त शिकायतों एवं तथ्यों पर विचार करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी ने कड़ा निर्णय लेते हुए संबंधित पदाधिकारी को कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से आगामी 6 वर्षों के लिए तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया है। इस आदेश के जारी होने के पश्चात संबंधित व्यक्ति पार्टी के किसी भी पद, मंच अथवा गतिविधि का उपयोग करने के लिए अधिकृत नहीं होंगे। जिला कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट किया है कि संगठन में अनुशासन सर्वोपरि है तथा किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



