Latest Posts

ऐतिहासिक ,धार्मिक और पर्यटन स्थलों के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध – अरूण साव

खल्लारी मेला महोत्सव में पहुंचे उपमुख्यमंत्री

महासमुंद। पाँच दिवसीय खल्लारी मेला महोत्सव के अवसर पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव शुक्रवार रात खल्लारी पहुंचे, जहां उन्होंने माँ खल्लारी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

इस दौरान आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि खल्लारी धाम न केवल आस्था का प्रमुख केंद्र है, बल्कि यह छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोकजीवन की आत्मा का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि यह प्राचीन शक्तिपीठ सदियों से श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का केंद्र रहा है, जहां दूर-दूर से लोग अपनी मनोकामनाओं के साथ पहुंचते हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में तेजी से कार्य कर रही है। साथ ही धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के समग्र विकास के लिए भी सरकार प्रतिबद्ध है। इसी कड़ी में उन्होंने नेशनल हाईवे से खल्लारी मंदिर तक लगभग 3 किलोमीटर सड़क के सुदृढ़ीकरण की घोषणा की, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।उपमुख्यमंत्री ने खल्लारी धाम के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि पहाड़ों और प्राकृतिक सौंदर्य के बीच स्थित यह स्थल शक्ति उपासना का प्रमुख केंद्र है। यहां लगने वाला मेला न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक समरसता, लोक संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण का भी सशक्त माध्यम है।

*खल्लारी मेला क्षेत्र की पहचान- सांसद*

इस अवसर पर सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि खल्लारी मेला क्षेत्र की पहचान है और इसके विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ राज्य बीज निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर ने इसे संस्कृति का जीवंत उदाहरण बताते हुए इसके संरक्षण पर जोर दिया। वहीं पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू ने खल्लारी को सभी धर्मों और वर्गों के लिए समरसता का केंद्र बताया। जिला स्काउट गाइड संघ के अध्यक्ष येतराम साहू ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को संस्कृति और सेवा से जोड़ते हैं और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।

*माता दर्शन के हजारों श्रद्धालु पहुँच रहे*

कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम ठाकुर, अल्का चंद्राकर, स्मिता चंद्राकर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, खल्लारी मंदिर ट्रस्ट के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। गौरतलब है कि शुक्रवार से प्रारंभ हुआ यह पाँच दिवसीय खल्लारी मेला महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु माता रानी के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

Latest Posts

Don't Miss