Latest Posts

शहीदों को नमन: महासमुंद में ‘शौर्य मैराथन’ में उमड़ा युवाओं का जोश

प्रतिभागियों ने दिखाई देशभक्ति और अनुशासन, विजेताओं को किया गया सम्मानित

महासमुंद। पूर्व सैनिक सेवा संघ महासमुंद एवं मनोरमा इंडस्ट्रीज लिमिटेड के संयुक्त तत्वाधान में नगर में ‘शौर्य मैराथन’ का आयोजन किया गया। 23 मार्च शहीद दिवस की पूर्व संध्या पर 22 मार्च प्रातः 6 बजे आयोजित इस दौड़ में युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। भारत माता के वीर सपूतों भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के बलिदान को नमन करते हुए सैकड़ों धावकों ने पूरे जोश और अनुशासन के साथ भाग लिया।मैराथन को दो श्रेणियों में आयोजित किया गया। 6 किलोमीटर दौड़ फॉरेस्ट ग्राउंड से शहीद स्मारक खरोरा तक आयोजित हुई, जिसे मनोरमा इंडस्ट्रीज लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक गौतम कुमार पाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वहीं 5 किलोमीटर दौड़ बरौंडा चौक से शहीद स्मारक खरोरा तक हुई, जिसका शुभारंभ जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती हुलसी चंद्राकर ने किया।

प्रतियोगिता के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। 6 किलोमीटर श्रेणी में नोमेश चंद्राकर ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 10,000 रुपये का पुरस्कार जीता, जबकि प्रियांशु साहू द्वितीय स्थान प्राप्त कर 7,000 रुपये और सुमीत ठाकुर तृतीय स्थान पर रहे इन्हें 5,000 रुपये का पुरस्कार जिता। इसी प्रकार 5 किलोमीटर श्रेणी में गजेंद्र ठाकुर प्रथम को 7,000 रुपये का पुरस्कार, रूपेश निषाद द्वितीय को 5,000 रुपये) और ओम प्रकाश यादव तृतीय को 3,000 रुपये का पुरस्कार मिला। सभी प्रतिभागियों को उनके उत्साहवर्धन के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। दौड़ का समापन खरोरा स्थित शहीद स्मारक प्रांगण में हुआ, जहाँ मुख्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्पचक्र अर्पित कर अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती हुलसी चंद्राकर ने आयोजन की सराहना करते हुए युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मनोरमा इंडस्ट्रीज लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक गौतम कुमार पाल ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए देशहित एवं पूर्व सैनिक सेवा संघ को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। संघ के अध्यक्ष युवराज चंद्राकर ने सभी प्रतिभागियों के परिश्रम की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में डॉ. आशा जसवाल, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्रीदेवी चंद राठी, मनोरमा इंडस्ट्रीज से विकास यादव एवं बाबूलाल शर्मा, पूर्व सैनिक सेवा संघ के सदस्य, अमर जवान पंकज चंद्राकर ग्रुप (बागबाहरा) के सदस्य तथा बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

Latest Posts

Don't Miss