Latest Posts

खल्लारी मंदिर रोप-वे हादसा : 17 घायल, एक महिला की मौत

प्रशासन ने शुरू किया राहत-बचाव अभियान, 4 गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर

महासमुंद। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन एवं धार्मिक स्थल खल्लारी मंदिर क्षेत्र में रविवार सुबह लगभग 11 बजे एक दर्दनाक रोप-वे हादसा हो गया। इस दुर्घटना में 17 लोग घायल हो गए, जबकि रायपुर के राजा तालाब निवासी 28 वर्षीय महिला आयुषी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यह हादसा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े कर गया है, वहीं श्रद्धालुओं में भय और चिंता का माहौल व्याप्त है।

हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा में भर्ती कराया गया। इनमें से 4 की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मौके पर अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) नमिता मारकोले, तहसीलदार नितिन ठाकुर सहित पुलिस और राजस्व विभाग की टीम तुरंत पहुंची और राहत कार्यों का समन्वय करते हुए घायलों को शीघ्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई।कलेक्टर विनय लंगेह ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि घायलों का समुचित उपचार प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने हादसे की विस्तृत जांच के निर्देश भी दिए हैं, ताकि दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। एसडीएम नमिता मारकोले के अनुसार घायलों में महासमुंद, टिकरापारा रायपुर, दलदल सिवनी और राजा तालाब रायपुर के निवासी शामिल हैं। प्रशासन द्वारा सभी घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।

Latest Posts

Don't Miss