Latest Posts

एक साल में विकास को मिली रफ्तार – नपा अध्यक्ष निखिलकांत

सड़क, सफाई, जल आपूर्ति और पारदर्शिता पर जोर; टैक्स वसूली बढ़ी, 10 करोड़ से अधिक के विकास कार्य प्रगति पर

महासमुंद। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने शुक्रवार को अपने एक वर्ष के कार्यकाल का विस्तृत रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करते हुए दावा किया कि शहर में विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि मूलभूत सुविधाओं के विस्तार, सफाई व्यवस्था में सुधार और प्रशासनिक पारदर्शिता उनके कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियां रही हैं।

अध्यक्ष साहू ने आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि शहर में सड़कों, नालियों और स्ट्रीट लाइट के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया गया है। ‘डोर-टू-डोर’ कचरा संग्रहण, रोड स्वीपिंग और कचरा निपटान प्रणाली को सुदृढ़ किया गया है। जल निकासी की बेहतर व्यवस्था के साथ ही नागरिकों को निर्बाध जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए भी कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि पालिका की सेवाओं में पारदर्शिता लाने के लिए सीसीटीवी निगरानी और ऑनलाइन सुविधाएं लागू की गई हैं। टैक्स भुगतान को आसान बनाने के लिए क्यूआर कोड आधारित ऑनलाइन प्रणाली शुरू की गई, जिसके माध्यम से अब तक 16.55 लाख रुपये का कर संग्रह किया जा चुका है। उन्होंने जानकारी दी कि 2 लाख रुपये से अधिक बकाया रखने वाले 25 बड़े बकायेदारों की सूची तैयार कर ली गई है, जिन्हें जल्द सार्वजनिक किया जाएगा।जल कर के रूप में इस वर्ष लगभग 66 लाख रुपये की आय हुई है। वहीं 400 अवैध नल कनेक्शनों की पहचान कर उन्हें वैध किया गया। नहर लिंक रोड के संबंध में नया प्रस्ताव तैयार कर मुख्यमंत्री को भेजा गया है, जिसकी स्वीकृति शीघ्र मिलने की उम्मीद जताई गई है। पालिका की सेवाओं का उल्लेख करते हुए साहू ने बताया कि वर्तमान में 25 वाहनों के माध्यम से शहर में कार्य संचालित हो रहे हैं। पहले से खराब पड़ी 2 जेसीबी मशीनों की मरम्मत कर उन्हें फिर से चालू किया गया है। कुल 21 टैंकरों से जरूरतमंद क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में डीजल खर्च 29.33 लाख रुपये रहा, जो पूर्व वर्षों के 63 से 80 लाख रुपये की तुलना में काफी कम है। विकास कार्यों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि 27 आंगनबाड़ी भवनों की मरम्मत, लोहिया चौक का सौंदर्यीकरण और अटल परिसर का निर्माण कराया गया है। शहर में 10.41 करोड़ रुपये की लागत से एसटीपी प्लांट स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा वार्ड क्रमांक 3 में 50 लाख रुपये की लागत से 5 लाख लीटर क्षमता का ओवरहेड टैंक निर्माणाधीन है।

*चौपाटी की 25 दुकानों की लंबित नीलामी प्रक्रिया पूर्ण *

शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर ट्यूबलर पोल लगाकर प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ की गई है, जिसमें एकता चौक से दशहरा मैदान, मोती गार्डन से रेलवे स्टेशन और लोहिया चौक से पिटियाझर नाला जैसे प्रमुख मार्ग शामिल हैं।राजस्व बढ़ाने के लिए बीटीआई उद्यान के सामने चौपाटी की 25 दुकानों की लंबित नीलामी प्रक्रिया पूर्ण कराई गई। साथ ही विद्युत खंभों पर कर अधिरोपण जैसे प्रस्ताव भी पारित किए गए हैं। स्वच्छ भारत मिशन शहरी 2.0 के तहत सूखे और गीले कचरे के प्रबंधन के लिए संयंत्र स्थापित करने की योजना है। अध्यक्ष निधि से भी विभिन्न वार्डों में सीसी रोड, शेड निर्माण, रंगमंच और गार्डनिंग जैसे कार्य कराए गए हैं।प्रेस वार्ता में नगर पालिका के सभापति, पार्षदगण एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Latest Posts

Don't Miss