Latest Posts

चावल घोटाले के आरोपियों के विरूद्ध दर्ज हो एफआईआर : पंकज साहू

जाँच में 2388.89 क्विंटल चावल की हेराफेरी की पुष्टि, दुकानें निलंबित

महासमुंद। नागरिक कल्याण समिति के सदस्य व पूर्व पार्षद पंकज साहू ने शहर के तीन राशन दुकानों में हुए चावल घोटाले के आरोपियों पर एफआईआर दर्ज कर तत्काल चावल गबन की राशि वसूली करने की मांग शासन-प्रशासन से की है।

श्री साहू ने बताया कि शहर में महिला स्व-सहायता समितियों द्वारा संचालित 3 राशन दुकानों में बड़ी मात्रा में चावल घोटाला की पुष्टि जाँच में हुई है। पूर्व में संचालक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्त संरक्षण संचालनालय नया रायपुर छ.ग. तथा कलेक्टर महासमुंद, खाद्य अधिकारी महासमुंद को पत्र प्रेषित कर इन राशन दुकानों में हुए भ्रष्टाचार, चावल की अनियमितता की उचित जाँच कर सख्त कार्रवाई, गबन की गई चावल की वसूली तथा अनियमितता में लिप्त लोगों के विरूद्ध एफआईआर की मांग मेरे द्वारा की गई थी। मैंने अपने पत्र में बताया था कि उत्कल महिला बचत एवं साख समिति महासमुंद दुकान आईडी क्रमांक 581001017 व माँ महामाया प्राथमिक उपभोक्ता भंडार समिति आईडी क्रमांक 581001013 तथा गाैरा गाैरी खाद्य सुरक्षा पोषण उपभोक्ता सह. समिति आई.डी. क्रमांक 581001021 के संचालकों द्वारा 1 करोड़ रूपए की शासकीय पीडीएस चावल की अनियमितता करते हुए राशि का गबन किया गया है।उक्त शिकायत के बाद कार्यालय कलेक्टर (खाद्य शाखा) महासमुंद द्वारा तीनों दुकानों की भाैतिक जाँच किया गया। जिसमें शिकायत सहीं पाई गई। पश्चात तीनों दुकानों का निलंबन आदेश 12.03.2026 को जारी किया गया है। निलंबन आदेश में बताया गया है कि उत्कल महिला बचत एवं साख समिति महासमुंद द्वारा संचालित शासकीय उचित मूल्य की दुकान आईडी क्रमांक 581001017, माँ महामाया प्राथमिक उपभोक्ता भंडार समिति आईडी क्रमांक 581001013 तथा गाैरा गाैरी खाद्य सुरक्षा पोषण उपभोक्ता सह. समिति आई.डी. क्रमांक 581001021 की जाँच एवं बचत स्टाॅक की भाैतिक सत्यापन कर प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। जाँच प्रतिवेदन में उत्कल महिला बचत एवं साख समिति द्वारा संचालित पीडीएस दुकान में चावल बीपीएल 611.44 क्विंटल एवं एपीएल चावल 67.7 क्विंटल की कमी पाई गई। माँ महामाया प्राथमिक उपभोक्ता भंडार समिति में बीपीएल चावल 453.8 क्विंटल तथा गाैरा गाैरी खाद्य सुरक्षा पोषण उपभोक्ता साख समिति द्वारा संचालित दुकान में बीपीएल चावल 1255.95 क्विंटल चावल की कमी पाई गई थी। जाँच में गबन सिद्ध होने पश्चात इन दुकानों के आईडी निरस्त कर दुकान निलंबन की कार्रवाई की गई है।

*घोटाले की चावल की वसूली व एफाईआर हो*

शिकायतकर्ता पूर्व पार्षद पंकज साहू ने लगभग एक करोड़ रु. के चावल घोटाले में प्रशासन द्वारा की गई निलंबन की कार्रवाई नाकाफी है। गरीबों के हक के लाखों का चावल डकारने वाले इन भ्रष्टाचारियों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। संपूर्ण गबन में व्याप्त लोगों के विरूद्ध थाने में अपराध दर्ज घोटाले की चावल का वसूली कर जेल भेजने की कार्रवाई करें। जिससे भविष्य में इस प्रकार का कृत्य करने से पहले ऐसे भ्रष्टाचारियों काे 100 बार सोचना पड़े। जब जाँच में पूष्टि हो गई है कि इन राशन दुकानों में लाखों रूपए के चावल की हेराफेरी हुई है, ऐसे में बिना देर किए तत्काल थाने में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर घोटाले की रकम की वसूली होनी चाहिए।

Latest Posts

Don't Miss