Latest Posts

समाज को सही दिशा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है मीडिया : श्री उदित मुनि

‘संवाद साधना’ कार्यालय पहुंचे श्री उदित मुनि नाम साहब का हुआ अभिनंदन

महासमुंद। ग्राम रजकट्ठी में आयोजित तीन दिवसीय सद्गुरु कबीर सत्संग समारोह में शामिल होने के बाद शुक्रवार की देर शाम सद्गुरु कबीर धर्मदास साहब वंशावली के 16वें वंशाचार्य पंथ श्री उदित मुनि नाम साहब महासमुंद जिले से प्रकाशित समाचार पत्र ‘संवाद साधना’ के कार्यालय पहुंचे। यहां उनके आगमन पर कार्यालय में श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा।

इस दौरान पंथ श्री उदित मुनि नाम साहब ने ‘संवाद साधना’ प्रेस का अवलोकन किया। उन्होंने स्थापित प्रिंटिंग मशीन सहित अन्य व्यवस्थाएं देखीं और समाचार पत्र के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश और जनजागरण के कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि मीडिया समाज को सही दिशा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है और जनहित के विषयों को सामने लाने में इसकी बड़ी भूमिका होती है। संवाद साधना कार्यालय पहुंचने पर संपादक विपिन दुबे, पत्नी आकांक्षा दुबे, श्रेयस, श्रेयांश व उनके परिवार के सदस्यों तथा उपस्थित श्रद्धालुओं ने पुष्पमाला भेंट कर पंथ श्री उदित मुनि नाम साहब का आत्मीय स्वागत व अभिनंदन किया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान आध्यात्मिक वातावरण बना रहा और उपस्थित लोगों ने संत वाणी सुनकर स्वयं को धन्य महसूस किया। पंथ श्री उदित मुनि नाम साहब ने सभी को सद्गुरु कबीर साहेब के बताए मार्ग पर चलने, मानवता, प्रेम और सद्भावना को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर कई श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता तथा गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।

*स्वागत के लिए आंबेडकर चौक में जुटे अनुयायी* कबीर धर्म नगर, दामाखेड़ा के आचार्य पंथ श्री हुजूर उदित मुनि नाम साहेब का महासमुंद आगमन पर कबीरपंथी समाज के श्रद्धालुओं ने गर्मजोशी के साथ अभिनंदन किया। आंबेडकर चौक पर आयोजित स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में समाज के अनुयायी एकत्रित हुए। संत के आगमन पर जयघोष और पुष्प वर्षा के बीच उपस्थित जनों ने भावविभोर होकर उनका स्वागत किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर नपा उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, भाजपा मीडिया प्रभारी आनंद साहू, पार्षद माखन पटेल, पीयूष साहू, मानिकपुरी समाज के नगर सचिव सरजू दास, बीडी सोनवानी, ममता मानिकपुरी, नंदकुमार साहू और आरती दास सहित कबीरपंथी समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में युवा एवं मातृशक्ति उपस्थित रहीं।

Latest Posts

Don't Miss