गुरुद्वारा, अस्पताल और यात्री निवास के लिए होगा भूमिपूजन, देश-विदेश से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना
महासमुंद। पिथौरा से लगभग 40 किलोमीटर दूर स्थित ऐतिहासिक नानक सागर में 15 मार्च को होला महल्ला का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम नानक सागर गुरुद्वारा समिति के तत्वावधान में आयोजित होगा। खास बात यह है कि इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी नानक सागर पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल होंगे। साथ ही गुरुद्वारा, अस्पताल एवं यात्री निवास निर्माण के लिए भूमिपूजन अरदास भी की जाएगी।
गढ़फुलझर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान हरजीन्दर सिंह हरजू ने बताया कि श्री गुरु नानक देव जी के ऐतिहासिक स्थल नानक सागर में इस वर्ष होला महल्ला का आयोजन विशेष श्रद्धा और उत्साह के साथ किया जा रहा है। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को आमंत्रित किया गया था, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया है। कार्यक्रम के तहत 15 मार्च की सुबह 9 बजे 13 जनवरी से प्रारंभ श्री अखंड पाठ का समापन होगा। इसके बाद अलौकिक कीर्तन समागम का आयोजन किया जाएगा। दिनभर चलने वाले लंगर के बाद दोपहर लगभग 2 बजे गुरुद्वारा, अस्पताल और यात्री निवास निर्माण के लिए भूमि पूजन की अरदास की जाएगी।
दोपहर 3 बजे से पंजाब के डेरा चरणबाग गोइंदवाल के सेवादार बाबा सुबेग सिंह की उपस्थिति में पारंपरिक गतका प्रदर्शन और फूलों की होली खेली जाएगी। इसके साथ ही कबड्डी, कुश्ती, घुड़सवारी, रस्साकसी सहित कई मनोरंजक और पारंपरिक खेलों का आयोजन भी किया जाएगा।
*देश-विदेश से पहुंचेगे श्रद्धालु*
होला महल्ला कार्यक्रम की तैयारियों के तहत दिल्ली के देवेंद्र सिंह आनंद, रिंकू ओबेरॉय, हरदीप सिंह, भाई दविंद्र सिंह, जोगिंदर सिंह, सरायपाली के रोमी सलूजा, बसना के जसवंत सिंह सलूजा, मुखविंदर सिंह रंधावा, हरपाल सिंह ओबेरॉय, जोरावर सिंह, शिवरीनारायण के गुलजीत सिंह गांधी तथा सारंगढ़ के सोनू छाबड़ा सहित कई प्रतिनिधि जिले भर की सिख समितियों और प्रमुख जनों को आमंत्रित कर रहे हैं। आयोजकों के अनुसार गुरु की पावन भूमि पर गुरुद्वारा निर्माण और होला महल्ला के आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है, जिसे देखते हुए देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के नानक सागर पहुंचने की संभावना है।




