Saturday, March 7, 2026

Latest Posts

तीन दिवसीय सद्गुरु कबीर सत्संग समारोह रजकट्ठी में 11 मार्च से

कबीरपंथी अनुयायियों में उत्साह,तैयारियां जोर-शोर से

महासमुंद। समीपवर्ती जिला गरियाबंद के ग्राम रजकट्ठी में ग्रामवासी, केडीवी मिशन एवं आमीन माता महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में तीन दिवसीय सद्गुरु कबीर सत्संग समारोह का आयोजन 11 से 13 मार्च तक किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र के कबीरपंथी अनुयायियों में उत्साह देखा जा रहा है तथा कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं।

आयोजकों ने बताया कि 11 मार्च को सत्संग समारोह का शुभारंभ भजन, कीर्तन और कबीर वाणी के पाठ के साथ किया जाएगा। 12 मार्च को गुरुमाता सुलक्षणा देवी जी विशेष रूप से उपस्थित होकर सत्संगियों को कबीर साहेब की वाणी, मानव जीवन के महत्व, सतमार्ग तथा समाज में सद्भावना और नैतिक मूल्यों पर आधारित प्रवचन देंगी। उनके प्रवचन से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्राप्त होगा।

समारोह के अंतिम दिन 13 मार्च को पंथ श्री हुजूर उदित मुनि नाम साहेब (कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा) की उपस्थिति में चौका आरती एवं विशेष सत्संग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। आयोजन समिति ने आसपास के गांवों सहित क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर सत्संग का लाभ लेने की अपील की है।

Latest Posts

Don't Miss