
तीन युवकों की मौत की खबर से गांव में पसरा रहा मातम
जांजगीर-चांपा। बाराद्वारा थाना क्षेत्र के ग्राम खम्हरिया में करंट की चपेट में आने से 3 मजदूरों की मौत हो गई है। जबकि, 2 मजदूर गंभीर रुप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि हादसा तब हुआ जब मजदूर काम खत्मकर मिक्सर मशीन को वापस ले जा रहे थे। इस दौरान मशीन का ऊपरी हिस्सा 11 केवी तार के संपर्क में आया और करंट लगने से 5 मजदूर बुरी तरह से झुलस गए।
इस संबंध में बाराद्वार पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसा बाराद्वार थाना अंतर्गत ग्राम खम्हरिया के पास हुआ। पंचायत द्वारा मंगल भवन से राजू के घर तक पंचायत सीसी रोड का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। रविवार को काम खत्म करने के बाद मजदूर मिक्सर लिफ्ट मशीन को धकेलते हुए ले जा रहे थे, उसी बीच मिक्सर मशीन का ऊपरी हिस्सा 11 केवी तार की चपेट में आ गया और मशीन को धकेल रहे राजकुमार सेवक, प्रेमलाल महिलांगे, अजय सिंह सिदार, नागेन्द्र सिंह, परउ राम झुलस गए। सभी मजदूरों को इलाज के लिए चांपा ले जाया जा रहा था। इधर चांपा पहुंचने से पहले ही घायल राजकुमार सेवक पिता तिहारू राम उम्र 28 वर्ष, प्रेमलाल महिलांगे पिता स्व. रामलाल उम्र 20 वर्ष, अजय सिंह सिदार पिता स्व.धनेश्वर सिंह उम्र 22 वर्ष सहित 3 मजदूरों की मौत हो गई हैं। वहीं गंभीर रूप से घायल 2 मजदूर नागेन्द्र सिंह व परउ राम का इलाज एनकेएच हास्पिटल चांपा में किया जा रहा है। बताया जाता है कि मृतक अजय सिंह सिदार की सगाई हो चुकी थी। उसकी शादी 4 अप्रैल को भोथिया में होने वाली थी, इधर परिवार के लोग अजय सिंह की शादी की तैयारी में जुटे थे। परिवार सहित पूरे गांव में उसके शादी का कार्ड भी बट चुका था, लेकिन इसी बीच अचानक करंट की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। इसी तरह मृतक प्रेम लाल महिलांगे की 26 मार्च को सगाई थी, लेकिन हादसे में दोनों युवक शादी के पहले ही मौत हो गई। राजकुमार सेवक के तीन छोटे-छोटे बच्चों है। इस हादसे से तीनों मासूम बच्चों के ऊपर से अब पिता का साया उठ गया। इधर एक साथ तीन युवकों की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम पसरा रहा। सुबह उनकी लाश गांव पहुंची। गांव में युवकों की शव आने की खबर मिलते ही पूरे गांव में सन्नाटा पसरा रहा और लोगों ने उन्हें नम आंखों अंतिम विदाई दी। अंतिम संस्कार में पूरा गांव उमड़ पड़ा, इधर घर के कमाऊ बेटों की मौत हो जाने पर परिवार के लोगों को रो-रोकर बुरा हाल है।