Sunday, June 29, 2025

Latest Posts

अधिक खरीदी होने से कई केन्द्रों में खरीदी प्रभावित

टोकन नहीं कटने से वापस लौटे किसान

महासमुंद। जिले में निर्धारित लक्ष्य का करीब 71 फीसदी खरीदी पूरी होने से जिले के कई केन्द्रों में शुक्रवार को खरीदी प्रभावित रही और खरीदी के लिए टोकन कटाने पहुुंचे किसानों का टोकन नहीं कट पाया जिससे किसानों को वापस लौटना पड़ा।
इधर, अफसरों ने खरीदी प्रभावित होने की वजह केन्द्रों के लिए निर्धारित लक्ष्य का 80-90 फीसदी खरीदी होने को कारण बताया। अफसरों ने कहा कि खरीदी के लिए एक माह अभी शेष है इसलिए शेष बचे किसानों की खरीदी आगामी नए वर्ष में होगी। बता दें कि इस वर्ष जिले में पंजीकृत किसानों से कुल 84 लाख 24913.84 क्विंटल धान खरीदी की जानी है जिसमें से अब तक 59 लाख 49263.20 क्विंटल की खरीदी हो चुकी है जो निर्धारित लक्ष्य का 71 फीसदी है।
जानिए.. समितियों की समस्या
जानकारी के अनुसार झाल खम्हरिया केन्द्र में करीब 48 हजार क्विंटल खरीदी निर्धारित है। समिति 22 दिसंबर तक 40 हजार क्विंटल की खरीदी कर चुकी है और 8 हजार क्विंटल की खरीदी शेष है जो लक्ष्य का 85 फीसदी है। इसके चलते यहां खरीदी की लिमिट कम करने के साथ ही टोकन कटने का कार्य प्रभावित हो गया है। इसके चलते किसानों का टोकन नहीं कट पा रहा है। इसी तरह पिटियाझर केन्द्र में 61 हजार क्विंटल का लक्ष्य है। जिसमें से 48 हजार क्विंटल की खरीदी हो चुकी है जो लक्ष्य का 80 फीसदी है। समिति प्रभारी दशरथ ने बताया कि 30 दिसंबर तक का टोकन कट चुका है। नए किसानों से खरीदी के लिए आगामी माह से टोकन कटेगा।
81 फीसदी किसान बेच चुके हैं धान
जिला खाद्य अधिकारी अजय यादव ने बताया कि जिले में 37 दिनों के भीतर पंजीकृत किसानों में से करीब 81 फीसदी किसान धान बेच चुके हैं और खरीदी के लिए 26 दिन  शेष है जिसमें शेष किसानों की खरीदी कर ली जाएगी। जिले की तीन समितियों मेंं समस्या सामने आई थी जिसे दूर कर लिया गया है।

Latest Posts

Don't Miss