
महासमुंद। संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने कहा कि भूपेश सरकार द्वारा सभी किसानों की सिंचाई जल कर की बकाया राशि माफ करने से जिले के लाखों किसानों को लाभ मिला है। किसानों का 12 करोड़ 84 लाख 86 हजार रूपए का सिंचाई कर माफ हुआ है। सिंचाई कर माफ किए जाने से किसानों को काफी राहत मिली है।
संसदीय सचिव व विधायक श्री चंद्राकर ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार ने प्रदेश के हर वर्ग का समुचित विकास किया है। जनहितकारी फैसलों से सभी वर्ग में खुशहाली है। किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें सुविधा देने के लिए राज्य सरकार लगातार काम कर रही है। इसी तारतम्य में सिंचाई कर माफी के सरकार के निर्णय से जिले के हजारों किसान लाभान्वित हुए हैं। एक नवंबर 2018 तक 342 गांवों के 51493 किसानों का 9 करोड़ 84 लाख 15 हजार, वर्ष 2018-19 में 39 हजार 656 किसानों का 89 लाख 76 हजार, वर्ष 2019-20 में 40 हजार 647 किसानों का 90 लाख 74 हजार तथा वर्ष 2020-21 में 49 हजार 54 किसानों का एक करोड़ 20 लाख 21 हजार रूपए का सिंचाई कर माफ किया गया। इससे करीब एक लाख 547 किसान लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को छत्तीसगढ़ सरकार जो सहूलियत दे रही है उससे खेती लाभदायक हो गई है। आम किसानों को खरीफ और रबी दोनांे फसल में सिंचाई कर माफ किया गया, जिससे किसान खुश है। भरी गर्मी में तालाब सूख जाते है, लेकिन ऐसे समय में भी नहर के माध्यम से खेतो में सिंचाई के लिए पानी पहुंच रहा है। संसदीय सचिव व विधायक श्री चंद्राकर ने कहा कि किसानों की कर्जमाफी और समर्थन मूल्य के साथ इनपुट सब्सिडी देने से किसान ऋण के बोझ से उबरकर अब स्वावलंबी बन रहे हैं और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को सुधारने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। प्रदेश के किसानों के चेहरों पर अब खुशी दिखाई दे रही है।