मूत्रालयों में गंदगी पसरी, कुछ से सामान ही गायब*
महासमुंद। शहर में पालिका द्वारा लाखों रुपए की लागत से इसी साल निर्मित सर्वसुविधायुक्त मूत्रालय पालिका की अनदेखी के चलते बदहाल हो गए हंै। स्थिति यह है कि शहर के कुछ मूत्रालयों में गंदगी पसरी हुई है तो कुछ से सामान ही गायब हो गए हैं।
इस प्रतिनिधि ने सार्वजनिक मूत्रालयों का जायजा लिया तो यह बात सामने आई। कचहरी चौक और गोल बाजार और बिन्नी बाई सब्जी बाजार स्थित मूत्रालय में पसरी गंदगी से यहां के व्यापारी और ग्राहक परेशान हैं। कचहरी चौक मूत्रालय में लगी लाईट गायब हो चुकी है। हाईस्कूल और अंबेडकर चौक स्थित मूत्रालय में भी गंदगी पसरी है और बेसिन में लगे नल का पानी बहता रहता है। नागरिक बताते हैं कि शहर में पालिका ने प्रमुख सार्वजनिक स्थानों में मूत्रालय का निर्माण किया है। पर इसकी नियमित सफाई न होने से लोगों को गंदगी और बदबू के चलते उपयोग करने में दिक्कतें हो रही है। ज्ञात हो कि पालिका ने करीब 10 माह पूर्व शहर के कचहरी चौक, हाईस्कूल, बाजार वार्ड, अंबेडकर चौक में सर्वसुविधायुक्त महिला-पुरुष मूत्रालय का निर्माण कराया है। इसमें पालिका ने गेट के साथ बिजली-पानी की भी सुविधा दी है।
*कलेक्टोरेट परिसर के मूत्रालय भी बदहाल*
कलेक्टोरेट कार्यालय परिसर में कर्मचारियों और नागरिकों की सुविधा के लिए निर्मित सार्वजनिक मूत्रालय की भी लगभग यही स्थिति है। गंदगी, बदबू के चलते कर्मचारियों के साथ लोगों को उपयोग करने में दिक्कत होती है।