समाज की महिला शिक्षिका से प्रभारी प्राचार्य द्वारा जातिसूचक अभद्र टिप्पणी करने का आरोप
महासमुंद। विकासखण्ड के नरतोरा के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल के प्रभारी प्राचार्य द्वारा शिक्षिका के साथ जातिसूचक अभद्र टिप्पणी करने के विरोध में सतनामी समाज द्वारा प्रभारी प्राचार्य की गिरफ्तारी और निलंबन की मांग करते हुए सैंकड़ों लोगों ने अजाक थाने का घेराव किया। और कार्रवाई की मांग करते हुए पिछले 8 घंटे से धरने पर बैठे हुए हैं। देर शाम जिला शिक्षा अधिकारी धरना स्थल पहुंचे लेकिन सतनामी समाज कार्रवाई की मांग पर अड़ा हुआ है।
पुलिस प्रशासन द्वारा जिले भर से धरना-प्रदर्शन में शामिल होने महासमुंद मुख्यालय आने वाले सतनामी समाज के लोगों पुलिस प्रशासन द्वारा जगह जगह रोका गया। बावजूद सतनामी समाज के करीब 4-5 सौ लोग पटवारी कार्यालय के पास धरना स्थल पर एकत्रित हुए और दोपहर करीब एक बजे रैली निकालकर नारेबाजी करते हुए सिटी कोतवाली से लगे अजाक थाने का घेराव कर दिया। पुलिस प्रशासन द्वारा पहले से जिले के सभी थाना से बल को सुरक्षा में लगाया दिया था। जिला प्रशासन की ओर से तहसीलदार जुगल किशोर पटेल और नायब तहसीलदार मोहित अमीला मौजूद रहे। दोनों तहसीलदार समाज प्रमुखों से चर्चा की लेकिन सतनामी समाज आरोपी की गिरफ्तारी और निलंबन कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। समाज प्रमुखों ने पुलिस प्रशासन और शिक्षा विभाग पर आरोपी को संरक्षण देना का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रभारी प्राचार्य द्वारिका प्रसाद चंद्राकर न्यायालय से एट्रोसिटी एक्ट में अग्रिम जमानत खारिज होने के बावजूद गिरफ्तारी नहीं की जा रही है। सतनामी समाज का कहना है प्रभारी प्राचार्य बिना सूचना के स्कूल से गायब है इसके बाद भी शिक्षा विभाग द्वारा कोई भी कार्रवाई नही किया जाना स्पष्ट तौर पर संरक्षण देना दिखाई देता है। समाज का यह भी कहना है पुलिस को आरोपी की गिरफ्तारी और शिक्षा विभाग को कार्रवाई के लिए ज्ञापन दिया जा चुका है लेकिन इस पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं किया गया। जिससे सतनामी समाज आहत हैं। देर शाम जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे भी धरना स्थल पहुंचे। उन्होंने सतनामी समाज को दो दिनों में कार्रवाई करने का आश्वासन दिया लेकिन समाजजनों ने उनके आश्वासन को ठुकरा दिया। दरअसल महासमुंद विकासखण्ड के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल के प्रभारी प्राचार्य द्वारिका प्रसाद चंद्राकर द्वारा 13 सितंबर 2025 को मिडिल स्कूल नरतोरा में पदस्थ सतनामी समाज की शिक्षिका पंचकुमारी योगी के साथ जातिगत टिप्पणी किए जाने के मामले में पटेवा में प्रभारी प्राचार्य के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई थी। समाज का आरोप है कि प्रभारी प्राचार्य को बचाया जा रहा है। समाज प्रमुखों का आरोप है पुलिस द्वारा निष्पक्ष जांच और गिरफ्तार नही किया जा रहा है। जिससे आक्रोशित सतनामी समाज ने आज अजाक थाने का घेराव कर दिया। इस मामले में तहसीलदार जुगल किशोर पटेल का कहना प्रभारी प्राचार्य को नोटिस दिया गया है, जिसमें तीन दिन का समय दिया गया है। जवाब संतोषजनक नही रहा तो कार्रवाई के लिए उच्च स्तरीय कार्यालय को पत्र प्रेषित किया जाएगा। वही समाचार लिखे जाने तक सतनामी समाज अजाक थाने के समक्ष धरने पर बैठा रहा।




