बहनों की प्रेम की परीक्षा ले रहा दूरसंचार विभाग!
महासमुंद। रक्षाबंधन त्योहार के लिए डाक विभाग ने राखी वितरण की विशेष व्यवस्था की है, पर पिछले तीन दिनों से सर्वर में आ रही दिक्कतों की वजह से राखी के लिफाफे की बुकिंग के लिए उन्हें स्थानीय डाक घर में घंटों लाईन लगानी पड़ रही है।
मालूम हो कि 9 अगस्त को भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का त्योहार रक्षाबंधन मनाया जाएगा। जिसके लिए शहर में अनेक स्थान पर राखियों की दुकानें सज गई हैं। इन दुकानों में 5 से लेकर 500 रुपए तक की राखियां बिक रही है। शहर से दूर राज्य व अन्य राज्यों में रहने वाले भाईयों के लिए बहनों ने राखी भेजना शुरू कर दिया है। हर साल की तरह इस बार भी डाक विभाग द्वारा राखियों को भेजने के लिए अलग से व्यवस्था की है। डाक विभाग के पोस्टमास्टर बीआर मरकाम ने बताया कि डाक विभाग द्वारा एक विशेष प्रकार का वाटर प्रुफ लिफाफा भेजा गया है। अब तक 2 हजार लिफाफा प्राप्त हो चुका है जिसमें से अब तक 1300 लिफाफों की बिक्री हो चुकी है। बहनों द्वारा भाईयों को डाक के माध्यम से राखियां भेजने का सिलसिला पिछले दो हफ्तों से जारी है। हर दिन यहाँ 150 से 200 राखियों की बुकिंग हो रही है। राखियां समय पर यथास्थान पहुंचे इसके लिए रविवार को भी काउंटर चालू रहा। पर, पिछले तीन दिनों से सर्वर रह रह कर डाऊन होने से बुकिंग के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। जिससे डाक घर में लंबी कतार लग रही है।
आॅनलाइन राखी भेजने का चलन बढ़ा
मालूम हो कि समय के साथ-साथ एक से दूसरे स्थान राखी भेजने के ढंग में भी बदलाव आया है। अब लोग डाक व कोरियर से राखी भेजने की बजाय आॅनलाइन राखी भेजने में अधिक विश्वास जता रहे हैं। लोगों का कहना है कि अपनी मनपसंद राखी घर बैठे आॅडर कर सकते हैं और यह समय पर यथास्थान पहुँच जाती है।




