बम्हनी के पवित्र कुण्ड से जल लेकर 8 हजार से अधिक कांवरिए हुए हैं प्रस्थित
महासमुंद। सावन के तीसरे सोमवार को सिरपुर स्थित गंधेश्वर महादेव के जलाभिषेक व पूजा -अर्चना के लिए मंदिर परिसर से सिरपुर बस स्टैंड तक लंबी कतार लगी रही। मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों का अनुमान है कि आज तीसरे सोमवार को 12 हजार से अधिक कांवरिए जिले के विभिन्न स्थानों से जल लेकर यहाँ महादेव का जलाभिषेक करने पहुंचे थे। इनमें सभी आयु वर्ग के लोग शामिल थे, पर युवाओं की संख्या अधिक थी। बता दें कि 11 जुलाई से शुरू सावन माह के बाद पहले और दूसरे सोमवार को सिरपुर के गंधेश्वर महादेव में जलाभिषेक करने सीमित संख्या में कांवरिए यहाँ पहुंचे थे। तीसरे सावन सोमवार को जलाभिषेक के लिए जिले के अनेक स्थानों से कांवरिए जल लेकर शनिवार को सिरपुर के लिए प्रस्थित हुए । जिला मुख्यालय से लगे बम्हनी के पवित्र कुण्ड से शनिवार को लगभग 8 हजार से अधिक कांवरिए जल लेकर सिरपुर के लिए प्रस्थित हुए । कांवरियों के लिए रास्ते के कई स्थानों में समितियों की ओर से भोजन प्रसादी की व्यवस्था और भजन संध्या का आयोजन भी किया गया था। इसी तरह तुमगांव का एक कांवरिया दंडवत प्रणाम करते हुए सिरपुर के लिए यात्रा की शुरूआत की । उन्होंने मौन व्रत रखा है, उनके साथ चल रह कांवरियों ने बताया कि भोलेनाथ को रिझाने वे दंडवत प्रणाम करते हुए कांवर यात्रा कर रहे हैं। रविवार दोपहर बाद से ही सिरपुर में कांवरियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था । मंदिर ट्रस्ट द्वारा कांवरियों के रूकने की व्यवस्था थी। वहीं गंगा आरती के बाद रविवार रात भंडारे में भोजन ग्रहण कर आराम करने के बाद आज अल सुबह महानदी में स्नान के बाद कांवड़ में जल लिए हजारों कांवरिए जलाभिषेक के लिए अपनी बारी का इंतजार करने लगे। बताया जाता है कि सिरपुर में आज पूरा परिसर खचाखच भरा था करीब 12 हजार से अधिक कांवरिए यहाँ पहुंचे और मंदिर परिसर से सिरपुर बस स्टैण्ड तक कतार लगी रही।




