Latest Posts

तीन महीने का राशन लेना आसान नहीं !

राशन लेने सामान्य कार्डधारियों को 3 और बीपीएल को 6 बार ओटीपी का करना पड़ रहा लंबा इंतजार

महासमुंद। एक साथ तीन माह का राशन वितरण विक्रताओं के लिए परेशानी बनती जा रही है। वहीं हितग्राहियों को भी घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। एक हितग्राही को राशन देने में आधे घंटा से अधिक का समय लग रहा है। सामान्य कार्डधारी हितग्राहियों को राशन लेने 3 बार और बीपीएल कार्डधारियों को 6 बार ओटीपी का इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं मोबाइल नंबर आधार से लिंक न होने पर भी राशन दुकानों के चक्कर काटना पड़ रहा है। जिससे हितग्राहियों और सेल्समेन सहित सहकारी समिति के कर्मचारियों में आएदिन कहा-सुनी की नौबत आ रही है।
बता दें कि शासन के निर्देशानुसार एक से 30 जून के बीच सार्वजनिक वितरण प्रणाली अंतर्गत जून से अगस्त माह तक 3 माह का चावल एक साथ हितग्राहियों वितरण करने का निर्देश मिला है। इससे पूर्व जिले के ग्रामीण क्षेत्र के 553 व शहरी क्षेत्र के 40 कुल 593 उचित मूल्य की दुकानों में 3 माह के चावल भंडारण के निर्देश दिए गए थे। जिससे सेल्समेन सहित सहकारी समिति के कर्मचारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जिले की कई उचित मूल्य की दुकानों में भंडारण की पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण उन्हें आसपास के अन्य शासकीय भवनों में चावल रखने की व्यवस्था करनी पड़ी। इधर, एक जून से तीन माह का चावल वितरण तो शुरू हो गया पर सेल्समेन सहित कर्मचारियों और हितग्राहियों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
*चावल वितरण में क्यों हो रही देरी, क्या है समस्या*
चावल वितरण समस्या की शिकायत पर ‘संवाद साधना’ प्रतिनिधि ने आज शासकीय उचित मूल्य दुकान मचेवा, बरौंडाबाजार, लाफिनकला और लाफिनखुर्द का जायजा लिया। यहाँ सुबह से ही हितग्राही राशन लेने अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। दुकानों में चावल वितरण में हो रही देरी पर हितग्राही सेल्समेन व कर्मचारियों पर नाराजगी जाहिर कर रहे थे। यहाँ के सेल्समेन ने बताया कि हितग्राहियों को तीन माह का चावल एक साथ वितरण किया जा रहा है। वितरण में समस्याएं आ रही हैं। एक हितग्राही को राशन देने में आधे घंटा लग रहा है। उन्होंने बताया कि राशन दुकानों में राज्य और केंद्र सरकार दोनों के लिए अलग अलग ओटीपी लेनी पड़ती है। हर माह राशन देने के लिए हितग्राही से दो बार ओटीपी लेनी पड़ती है। ऐसे में तीन माह का वितरण करने के लिए एक हितग्राही से छह बार फिंगरप्रिंट लेना पड़ रहा है। इसके अलावा अभी भी क ई हितग्राहियों के मोबाइल नंबर आधार कार्ड से लिंक नहीं है। इस प्रक्रिया के चलते राशन वितरण में काफी विलंब हो रहा है। विक्रेताओं ने बताया कि पहले हम एक दिन में 70-80 हितग्राही को चावल वितरण कर देते थे अब मुश्किल से 20-25 को ही वितरण हो पा रहा है। यदि साफ्टवेयर में सुधार कर एक ही बार ओटीपी लेकर तीनों माह का राशन वितरण की सुविधा दी जाती है तो काफी समय बचेगा। इससे हितग्राहियों को भी इंतजार करने से मुक्ति मिलेगी।
*हितग्राहियों को करना पड़ रहा लंबा इंतजार*
राशन दुकानों में सुबह से पहुंचे हितग्राहियों से प्रतिनिधि ने बात की। हितग्राही धनीराम टंडन ने बताया कि वे सुबह 6 बजे से अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं पर 11 बजे तक राशन नहीं मिल पाया है। इसी तरह मजदूर रामू यादव ने बताया कि वे तीन दिनों से मजदूरी कार्य छोड़कर राशन लेने आ रहे हैं आज उन्हें राशन मिला है। लक्की सेवई, धनेश्वर जोगी, तुषार ध्रुव आदि ने भी बताया कि लंबे इंतजार के बाद राशन मिल रहा है जिसके कारण काम-धाम छोड़कर यहाँ अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है। कई लोग तो एक-दो दिन तक चक्कर लगा रहे हैं।
*जिले में 3.65 लाख से अधिक राशन कार्ड*
जानकारी के अनुसार जिले में 3 लाख 65 हजार 766 राशन कार्डधारी हितग्राही हैं। जिसमें 33907 शहरी व 3 लाख 31 हजार 859 ग्रामीण हितग्राही शामिल हैं। कुल राशनकार्डधारी संख्या में अन्तोदय की संख्या 49502, निराश्रित 2159, प्राथमिकता 2 लाख 73 हजार 697, नि : शक्त 1371 और एपीएल कार्डधारियों की संख्या 39037 है।  शासन का निर्देश है कि 30 जून तक तीन माह का राशन वितरण करना है । पर, जिस सुस्त गति से वितरण हो रहा है उससे माह अंत तक पूरा हो पाना मुश्किल लग रहा है।

*समस्याओं की शिकायत मिल रही*
तीन माह के राशन वितरण में आ रही समस्याओं की शिकायत मिल रही है। इसका समाधान शासन स्तर पर ही हो सकता है। 20 जून से जिले की सभी राशन दुकानों में नई पॉस मशीन का वितरण होना है। जिसके बाद राशन वितरण में समय कम लगेगा जिससे हितग्राही और सेल्समेन व कर्मचारियों को भी राहत मिलेगी।
-अजय यादव
जिला खाद्य अधिकारी

Latest Posts

Don't Miss