रायपुर, संवाद साधना। नशे के कारोबार के खिलाफ रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस ने हेरोइन (चिट्टा) सप्लाई नेटवर्क से जुड़े 2 और पेडलर्स को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के साथ ही अब तक इस नेटवर्क से जुड़े कुल 22 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।


पुलिस के अनुसार पूर्व में की गई कार्रवाई में पंजाब निवासी अंतरराज्यीय तस्करों सहित स्थानीय ड्रग सप्लाई नेटवर्क के 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। उनके कब्जे से 412.87 ग्राम हेरोइन, कई मोबाइल फोन, क्रेटा कार, तौल मशीन, सिल्वर रोल पेपर, जला हुआ नोट, एटीएम कार्ड और चेकबुक जब्त किए गए थे। जब्त हेरोइन की कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई थी। हाल ही में गिरफ्तार किए गए दोनों पेडलर्स की पहचान मोमिन पारा निवासी फरहान रजा (33), और गोगांव, गुढिय़ारी निवासी प्रदीप गेंडरे (31) के रूप में हुई है। इनके पास से घटना में प्रयुक्त एटीएम कार्ड, पासबुक और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और जब्त दस्तावेजों के तकनीकी विश्लेषण से स्थानीय नेटवर्क में जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिली थी। उसी आधार पर कार्रवाई करते हुए इन दोनों पेडलर्स को दबोचा गया। आरोपियों के खिलाफ थाना टिकरापारा में धारा 21सी 27, 27(क), 29 नारकोटिक एक्ट एवं 111 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की भी तलाश जारी है।



