कोरबा, जिले में बढ़ती चोरी की वारदातों के मध्य कुसमुंडा थाना क्षेत्रांतर्गत संचालित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में चोरी का प्रयास हुआ है। अज्ञात चोरों के द्वारा बैंक भवन के पिछले हिस्से की दीवार में सेंध मारकर इसे अंजाम देने की कोशिश की गई लेकिन सफल नहीं हो पाए। सेंध के तौर तरीके को देखकर इस बात की संभावना प्रबल है कि नाबालिगों की मदद चोरी के इस प्रयास में ली गई है।
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की कुसमुंडा शाखा के कर्मचारी और अधिकारी सुबह उस समय हतप्रभ रह गए जब यहां दीवार में सेंध मारा हुआ देखा। दीवार के निचले हिस्से को तोडक़र चोर भीतर तो प्रवेश कर गए लेकिन इस दौरान क्षेत्र के गुजरे पुलिस के गश्ती वाहन के सायरन की आवाज सुनकर वे बिना चोरी किए भाग निकले। पुलिस ने बैंक कर्मियों के हवाले से किसी तरह की चोरी नहीं होने की बात कही है। हालांकि इस तरह की वारदात से बैंक की सुरक्षा पर सवाल उठा है। इस बात की भी संभावना प्रबल है कि चोरों के द्वारा अपने वारदात में नाबालिग लडक़ों का इस्तेमाल किया जा रहा है। पिछले दिनों घंटाघर ओपन थिएटर स्थित जिला पुरातत्व संग्रहालय में हुई चोरी में नाबालिग पकड़ में आया है। और भी वारदातों में नाबालिगों की संलिप्तता उजागर हुई है। नाबालिगों को भीतर प्रवेश कराने के बाद चोर बड़ी आसानी से वारदात को अंजाम दे रहे हैं। बहरहाल इस मामले में पुलिस द्वारा बैंक प्रबंधन से शिकायत प्राप्त कर आगे की जांच की जा रही है।
0 सीपेट से चोरी किया ब्रेकर मशीन
जिले के दर्री थाना अंतर्गत स्याहीमुड़ी में संचालित केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान सीपेट में इलेक्ट्रीकल का ठेका अजय कुमार सूद ने लिया है तथा सीपेट में समस्त इलेक्ट्रीकल का काम उंसके द्वारा किया जा रहा है। 4 जुलाई को कोई अज्ञात चोर सीपेट के अंदर से वर्कशॉप का शटर तोडक़र ब्रेकर मशीन चोरी कर ले गया है। अजय ने बताया कि सीपेट में विगत 3 वर्षो से चल रहा है जहां से 4 जुलाई की मध्य रात्रि उसका एक नग ब्रेकर मशीन चोरी हो गया है जिसकी कीमत लगभग 17 हजार रुपये है। प्रार्थी अजय कुमार सूद की रिपोर्ट पर अज्ञात चोर के विरुद्ध धारा 380, 457 भादवि के तहत जुर्म दर्ज किया गया है।





