कोरबा, श्री राणीसती दादी के प्राकट्य दिवस मंगसिर नवमीं संवत् 2079 शुक्रवार को श्री सप्तदेव मंदिर में श्रीमती लीना अग्रवाल एण्ड पार्टी एवं मंदिर में उपस्थित 108 मंगलपाठियों के द्वारा संगीतमय मंगलपाठ किया गया। लीना अग्रवाल ने भजनों के माध्यम से मां श्री राणीसती दादी की महत्ता पर प्रकाश डाला। इस दिन मंदिर में दादी का अलौकिक श्रृंगार किया गया, ज्योत जलाई गई, गजरा उत्सव तथा चुनरी उत्सव किया गया। दोपहर 3 से रात्रि 8 बजे तक श्री राणीसती दादी चरित मानस का संगीतमय भव्य मंगलपाठ किया गया। समापन के पश्चात रात्रि 8 बजे भगवान को 56 भोग लगाया गया तथा महाआरती की गई। इसके बाद भण्डारा किया गया जिसमें सैकड़ों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। श्री सप्तदेव मंदिर के प्रमुख ट्रस्टी अशोक मोदी ने इस अवसर पर उपस्थित समस्त भक्तों का आभार व्यक्त किया।



