0 कार्य में भारी लापरवाही के कारण झुक रहा पोल
0 खींचे गए तार में भी नहीं हैं तनाव

कोरबा, जिला में कई ऐसे स्थान हैं जहा पूर्ण रूप से विद्युत व्यवस्था नहीं होने के कारण लो वोल्टेज की समस्या बनी रहती है। करतला विद्युत वितरण केंद्र के अन्तर्गत आने वाले ग्राम बरपाली (जिल्गा) में लो वोल्टेज की समस्या को देखते हुए बरपाली (जिल्गा) के मस्जिद के पास एक और ट्रांसफार्मर लगाने का कार्य किसी ठेकेदार को दिया गया है। उसके द्वारा लगभग एक सप्ताह पहले कार्य कराया गया जिसमें खुलकर लापरवाही किया जाना उजागर हो रहा हैं। जिसके कारण विद्युत पोल लगभग एक सप्ताह में ही एक तरफ झुक रहा है। साथ ही विद्युत तार ऐसे लगाए गए हैं जैसे मकड़ी जाल बनाया गया है। यह क्षेत्र हाथी प्रभावित होने के कारण विद्युत तार को मजबूती के साथ लगाए जाने की जरूरत है लेकिन यहाँ इसका विपरीत हुआ है।
सीमेंट के विद्युत खंभे को लगाने के बाद इसके निचले हिस्से को भी कंक्रीट नहीं किया गया है और आस-पास की मिट्टी भी धंस रही है। इसी तरह इस खंभे को सपोर्ट देने के लिए सीसी रोड के दूसरी और बाड़ी में लगाए गए बांस और तार में ही स्टे तार को फंसा कर छोड़ दिया गया है।
इसे देखकर समझा जा सकता है कि कार्य में कितनी गुणवत्ता और मजबूती है। अगर यह एक खंभा हिलता है तो इसके सहारे खींचे गए तार और अन्य दूसरे खंबे भी प्रभावित होंगे। अभी चल रहे कार्य में जहां विभाग को लाखों रुपए खर्च करना पड़ रहा है वहीं इस चूक और लापरवाही के कारण कोई नुकसान हुआ तो फिर उसके मरम्मत में भी लाखों रुपए खर्च करने पड़ सकते हैं। वक्त रहते विभाग इसको ठीक नहीं करवाएगा तो कभी भी ये पोल गिर सकता है जिससे किसी अप्रिय घटना के घटित से इंकार नहीं किया जा सकता।



