Latest Posts

रमेश पासवान ने अपनी लेखनी से कभी समझौता नहीं किया : श्रीवास्तव

0 स्मृति में दिया गया पत्रकारिता सम्मान
कोरबा, जिले के वरिष्ठ पत्रकार रहे स्व. रमेश पासवान की स्मृति में पत्रकारिता सम्मान कार्यक्रम (द्वितीय वर्ष) 2023 का आयोजन किया गया। पंडित मुकुटधर पांडेय साहित्य भवन में आयोजित कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन, माल्यार्पण किया गया। इसके पश्चात रमेश पासवान के छाया चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। अतिथियों का स्वागत अभिनंदन उपरांत वरिष्ठ पत्रकार मनोज ठाकुर ने दिए जा रहे सम्मान की प्रस्तावना पढ़ी। पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान के लिए पत्रकार सत्यनारायण पाल (सत्या) को इस वर्ष के लिए शॉल-श्रीफल, प्रशस्ति पत्र एवं 10 हजार रुपये की सम्मान राशि का चेक भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
मंचीय कार्यक्रम में मुख्य आयोजक सुरेशचंद्र रोहरा ने कहा कि स्व. रमेश पासवान ने औद्योगिक नगर में लगभग 30 वर्ष की पत्रकारिता में एक अहम योगदान देते हुए पत्रकारिता को एक ऊंचाई और प्रतिष्ठा दी थी। उनकी स्मृति में इस सम्मान की शुरुवात की गई है जो अनवरत जारी रखी जायेगी। मुख्य अतिथि कोरबा प्रेस क्लब अध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव ने कहा कि प्रेस क्लब के माध्यम से श्री पासवान की स्मृति में रक्तदान शिविर लगाया गया और आगे इसे वृहद स्वरूप दिया जाएगा। रमेश पासवान ने अपनी पत्रकारिता के मूल्यों व सिद्धांतों से कभी भी समझौता नहीं किया। प्रिंट मीडिया आज भी प्रासंगिक है और उसकी विश्वसनीयता हमेशा रहेगी।
इससे पूर्व प्रिंट मीडिया का महत्व और उसका अवदान विषय पर कोरबा क्लब के संरक्षक कमलेश यादव ने कहा कि प्रिंट मीडिया की प्रासंगिकता सदैव रहेगी। आज की नई पीढ़ी के पत्रकारों में अध्ययन की कमी है और उन्हें चाहिए कि वे डिग्री के साथ-साथ अध्ययन पर भी ज्यादा जोर दें। आज पत्रकारिता अनेक विषम परिस्थितियों और चुनौतियों के बीच की जा रही है। विशिष्ट अतिथि मूरितराम साहू ने कहा कि श्री पासवान हमेशा से ही दलित, शोषित, मजदूर, किसान, आदिवासी वर्ग के लिए लिखते रहे। वरिष्ठ अधिवक्ता बीके शुक्ला ने श्री पासवान की स्मृति में शुरू किए गए सम्मान की परंपरा को सराहते हुए इसके अनवरत जारी रहने की कामना की। पार्षद धरम निर्मले ने कहा कि रमेश पासवान एक जिज्ञासु पत्रकार थे और उन्होंने कोरबा से जुड़े कई अनछुए पहलुओं को भी पाठकों के सामने लाया। एल्डरमैन सनंद दास दीवान ने कहा कि प्रिंट मीडिया ऐतिहासिक व प्रमाणित दस्तावेज है। उभरते पत्रकारों को सम्मान देने को सराहनीय बताते हुए कहा कि यह अनवरत चलता रहेगा। वरिष्ठ पत्रकार विकास जोशी ने कहा कि आज की पत्रकारिता में बहुत कुछ सोचने की जरूरत है। वे स्व. पासवान की लेखनी कायल रहे हैं। प्रगतिशील लेखक संघ के अध्यक्ष मो.यूनुस दनियालपुरी ने
कहा कि पासवान एक मज़दूर का बेटा था और वह अपने कद से बहुत ऊंचा निकल गया। इस अवसर पर साहित्यकारों के द्वारा कवि गोष्ठी का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कोरबा प्रेस क्लब के सचिव दिनेश राज, पूर्व उपाध्यक्ष रामेश्वर ठाकुर,अरविंद पांडेय, उमेश यादव,हीरा राठौर, श्रीमती रेणु जायसवाल, अनूप पासवान, राजेश सक्सेना के अलावा साहित्यकार उमेश अग्रवाल,जेपी श्रीवास्तव, दिलीप अग्रवाल, बलराम राठौर, संतोष मिरी, गीता विश्वकर्मा, वीणा मिस्त्री, रशीदा बानो, प्रभात शर्मा, मनीष कुमार आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कवि कृष्ण कुमार चंद्रा व जितेंद्र वर्मा ने तथा आभार प्रदर्शन वीणा मिस्त्री ने किया।

Latest Posts

Don't Miss