Latest Posts

महिला ने पिया जहर, महिला आरक्षक ने बचाई जान

0 अग्रसेन चौक का मामला, पुलिस कर रही पड़ताल

कोरबा,  मुख्य मार्ग स्थित अग्रसेन चौक के व्यापारियों में आज सुबह उस वक्त हड़कम्प मच गई जब एक दुकान के सामने खड़े होकर महिला ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। इसकी जानकारी होते ही कोतवाली में तैनात महिला आरक्षक रेहाना फातिमा ने तत्काल रिस्पांस किया और पीड़िता को अस्पताल पहुंचाया। समय पर उपचार मिल जाने से जान बच गई और आरक्षक के कार्य की प्रशंसा हुई है।

जानकारी के अनुसार घटना शनिवार सुबह लगभग 11 बजे की है। कोतवाली के पीछे अग्रोहा मार्ग निवासी गोपाल गोयल की पत्नी श्रीमती सुनीता गोयल 55 वर्ष अग्रसेन चौक के निकट संचालित कोरबा मिल स्टोर के सामने पहुंची और एक शीशी का ढक्कन खोलकर उसमें मौजूद सामग्री को पी लिया। इसके कुछ देर बाद उसकी तबियत असामान्य होने लगी। एक युवक ने दौड़कर कोतवाली में इसकी सूचना दी। कोतवाली में समस्त स्टाफ की गणना उस वक्त खत्म हुई थी कि महिला आरक्षक रेहाना फातिमा को इसकी जानकारी दी गई। रेहाना तत्काल मौके पर पहुंची और महिला द्वारा उपयोग किए गए शीशी को तलाशा जो कि पास में ही मिल गया। इस बीच महिला ने उल्टी करना शुरू कर दिया। रेहाना ने तत्काल मदद के लिए एक ऑटो चालक से आग्रह किया और उसके सहयोग से सुनीता गोयल को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया। सूचना मिलने के महज 15 मिनट के भीतर ऑटो चालक की मदद से रेहाना फातिमा ने जो तत्परता दिखाई उससे पीड़िता को समय पर उपचार मिल गया और हालत फिलहाल सामान्य बनी हुई है। सुनीता ने किन कारणों से यह कदम उठाया, इसकी विवेचना की जा रही है। अस्पताल मेमो के आधार पर जिला चिकित्सालय चौकी प्रभारी जनार्दन के द्वारा आवश्यक जानकारी पीड़ित महिला से ली जा रही है। अस्पताली मेमो को अग्रिम कार्यवाही के लिए कोतवाली भेजा गया है।

0 असफलता से व्यथित शिक्षिका ने की खुदकुशी

निजी स्कूल की एक शिक्षिका ने जहर सेवन कर जान दे दी। कुसमुंडा थाना अंतर्गत सर्वमंगला नगर बरमपुर में संचालित सुमन भारती विद्यालय की शिक्षिका संगीता केवट ने यह आत्मघाती कदम उठाया। जहर के असर से उसकी हालत बिगड़ने पर परिजनों को इसकी जानकारी हुई और निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान संगीता की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि संगीता अविवाहित थी और सरकारी नौकरी पाने के लिए लगातार परीक्षा दे रही थी। प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता नहीं मिलने से वह काफी निराश थी और इसी व्यथा से उसने मौत का रास्ता चुना। हालांकि पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है जिसके बाद किसी नतीजे पर पहुंचा जा सकेगा। इस घटना से मृतकों के परिजनों सहित सहकर्मियों में शोक व्याप्त है।

Latest Posts

Don't Miss