Tuesday, February 17, 2026

Latest Posts

मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत कांग्रेस का कलेक्टर कार्यालय घेराव 17 फरवरी को


जांजगीर–चांपा। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे “मनरेगा बचाओ संग्राम” अभियान के अंतर्गत जिला कांग्रेस कमेटी जांजगीर-चांपा के नेतृत्व में 17 फरवरी मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता नागेंद्र गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि दोपहर 1 बजे जांजगीर-चांपा रोड स्थित मदन लाल के बंद पेट्रोल पंप के पास कांग्रेसजन एकत्रित होंगे। वहां से रैली के रूप में कलेक्टर कार्यालय की ओर कूच किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह प्रदर्शन केंद्र सरकार की किसान एवं मजदूर विरोधी नीतियों तथा मनरेगा योजना में किए जा रहे बदलावों के विरोध में राष्ट्रव्यापी आंदोलन का हिस्सा है। कांग्रेस का आरोप है कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना का नाम बदलकर “विकसित भारत गारंटी आजीविका मिशन ग्रामीण” किए जाने, राज्यों को 40 प्रतिशत राशि देने के प्रावधान तथा कार्य चयन का अधिकार स्थानीय स्तर पर नहीं होने जैसे बदलाव गरीबों और मजदूरों के हित में नहीं हैं। इससे ग्रामीण मजदूरों को रोजगार मिलने में कठिनाई होगी और पलायन बढ़ सकता है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मनरेगा गरीबों के लिए महत्वपूर्ण रोजगार गारंटी योजना रही है, जिसे कमजोर किया जा रहा है। साथ ही महात्मा गांधी के नाम को हटाना उनके ग्राम स्वराज और रामराज्य की अवधारणा के विपरीत बताया गया है।
इस घेराव कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज, प्रदेश प्रभारी विजय जांगिड़, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल सहित कांग्रेस विधायक ब्यास कश्यप, राघवेन्द्र कुमार सिंह, श्रीमती शेषराज हरवंश और बालेश्वर साहू के शामिल होने की जानकारी दी गई है।
इसके अलावा प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त समन्वयक विजय केशरवानी, कांग्रेस के विभिन्न अनुसांगिक संगठनों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता तथा आम नागरिक बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होंगे।

Latest Posts

Don't Miss