Latest Posts

बेटी के घर गई थी मां, सूने मकान को चोरों ने बनाया निशाना


कोरबा। जिले में चोरी की घटनाएं बढ़ती ही जा रही है। कटघोरा क्षेत्र में भी चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर स्वर्णाभूषण व नगदी सहित अन्य सामानों की चोरी कर ली है। मामले में पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर चोरों की पतासाजी प्रारंभ कर दी है।
कटघोरा थाना अंतर्गत ग्राम कुटेलामुड़ा में राजकुमारी निवास करती है, जो अपने मकान में ताला लगाकर अपनी पुत्री का डिलीवरी कराने बिलासपुर अंतर्गत घुरवा अमेरी गई हुई थी। 28 फरवरी को पड़ोसी जंतराम की पत्नी ने फोन कर उसे बताया कि उसके मकान में लगे दरवाजा का ताला टूटा हुआ है और दरवाजा खुला हुआ है। सूचना मिलने पर वह घर पहुंची। भीतर जाकर देखा तो चोरों ने पलंग के दीवान में रखे एक सोने का लॉकेट, पायल व नकदी सहित लगभग 25 हजार रूपये की चोरी कर ली थी। चोरों ने पीछे का दरवाजा तोडक़र घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ धारा 457, 380 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर चोरों की पतासाजी शुरू कर दी है।
हाईवा से दो बैटरी की चोरी
दर्री थाना अंतर्गत एनटीपीसी गेट नंबर 2 सेलो के सामने जेपी एसोसिएट का संचालन होता है। जहां पिछले तीन माह से ईंट बनाने का काम हो रहा है। विगत 24 फरवरी की रात्रि 11 से 25 फरवरी की सुबह 5 बजे के मध्य फ्लाई ऐश प्लांट कैंप में हाईवा क्रमांक सीजी 12 बीबी 7876 खड़ी हुई थी। अज्ञात चोरों ने हाईवा की दो बैटरी चोरी कर ली है। जिसकी कीमत लगभग 12 हजार रूपये बताई गई है। पुलिस ने संस्थान के सुपरवाईजर योगेश कुमार राठौर की रिपोर्ट पर अज्ञात चोर के खिलाफ धारा 457, 380 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।

Latest Posts

Don't Miss