कोरबा, वन मंडल कटघोरा अंतर्गत वन परिक्षेत्र पाली में तत्कालीन रेंजर द्वारा कार्यकाल के दौरान कराए गए कार्यों में भ्रष्टाचार उजागर हुआ है। पाली रेंज के बतरा सर्किल के बहरीझरिया पुलिया में हुए भ्रष्टाचार की शिकायत पर ग्रामीणों ने बताया कि तत्कालीन रेंजर द्वारा किया गया भ्रष्टाचार की शिकायत मुख्य वन संरक्षक बिलासपुर वृत्त से किया जाएगा। पुलिया निर्माण में गुणवत्ताहीन कार्य, चल रहे पुलिया रपटा निर्माण के कार्य एवं भुगतान पर रोक लगाने एवं दोषियों पर कार्यवाही की मांग उठी है। निर्माणाधीन पुलिया में अभी से दरारें दिखनी शुरू हो गई है और कहीं ऊंचा तो कहीं नीचा पुलिया बनाया जा रहा है जो महज एक ही बारिश में नहीं टिक पाएगा। गुणवत्ताहीन कार्य ठेकेदार द्वारा कराया जा रहा है, ठेकेदार के निर्माण कार्य से समस्त ग्रामवासी खासे नाराज हैं। ज्ञात हो कि इससे पहले वन परिक्षेत्र केंदई का मामला सामने आया था जिसमें बारिश में लाखों की लागत से बना स्टाप डेम बह गया। इस का निर्माण गांव के लोगों की परेशानी को दूर करने के लिए कराया गया था लेकिन कमीशन के बंटवारे में गुणवत्ता पर ध्यान देना ही भूल गए। इसी तरह केंदई से मदनपुर पंचायत के ग्राम पंचायत कैरोंदियापारा में जामपानी के बीच 2 साल पहले भी पुल निर्माण कराया गया था जो वन विभाग के भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई।



