* 16 जून को हुआ था हादसा
कोरबा, सड़क दुर्घटना में कार के मालिक सह चालक की मौत हो गई। दुर्घटना स्थल रिसदी नाला के पास दुर्घटनाग्रस्त कार खड़ी रही जिसे अज्ञात चोरों ने पार कर दिया। इसका पता चलने पर पीड़िता ने एफआईआर दर्ज करा दिया है।
जानकारी के अनुसार रामपुर पुलिस चौकी अंतर्गत सीएसईबी कालोनी कोरबा पूर्व के मकान क्र. एसएफ 447 में निवासरत स्व. रमेश सूर्यवंशी 30 वर्ष 16 जून 2022 को अपने मित्रों के साथ पिकनिक मनाने के लिए अपनी कार वैगन आर क्र. सीजी 12 आर-3519 से सतरेंगा गया था। यह कार उसी दिन रिसदी नाला के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई और हादसे में रमेश सूर्यवंशी की मौत हो गई। पति की मौत से पत्नी गुलापा सूर्यवंशी सदमे में रही और परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजन और कार दोनों इस हालत में नहीं थे कि कार को नाला से उठवाकर मरम्मत के लिए ले जाया जा सके। हालांकि हादसे की सूचना रामपुर चौकी में देते हुए अस्थाई सुपुर्दनामा 23 जुलाई को गुलापा ने प्राप्त कर लिया था। कार के बारे में मोहल्ले के लोगों से जानकारी मिला कि वह घटनास्थल रिसदी नाला के पास दिखाई नहीं दे रहा है। मोहल्ले के राजेश दुबे के साथ गुलापा सूर्यवंशी घटनास्थल पहुंची तो कार चोरी होना पाया। उसने आवश्यक दस्तावेजों के साथ रामपुर चौकी पहुंचकर कार चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज करा दी है जिस पर धारा 379 भादवि के तहत जुर्म दर्ज कर अज्ञात चोर की तलाश की जा रही है।



