पीड़िता ने पुलिस महानिदेशक से शिकायत कर की फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
जांजगीर-चांपा। नवगठित सक्ती जिले के अंतर्गत पुलिस थाना डभरा में विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज होने के डेढ़ माह बाद भी आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई है। पुलिस द्वारा आरोपियों के फरार होने की बात कही जा रही है जबकि, आरोपियों द्वारा पीड़िता पर ना केवल केस वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है बल्कि, उसे एवं उसके परिजनों को केस वापस नहीं लेने पर जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है। पीड़िता ने इस पूरे मामले की लिखित शिकायत प्रदेश के पुलिस महानिदेशक से करते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस महानिदेशक को सौंपे आवेदन में पीड़िता ने कहा है कि आरोपीगण क्रमशः प्रवीण डडसेना जो कि शासकीय माना आईटीआई रायपुर में प्रोफेसर है तथा उनके अन्य सहयोगी अखिलेश डडसेना, लक्ष्मी डडसेना, कुणाल व संतोष नशीने रायपुर में वकालत करते हैं तथा उनके सहयोगी लोकनाथ डडसेना ने मिलकर उसके प्रति गंभीर अपराध कारित किए जाने पर उसने उक्त आरोपियों के विरूद्ध पुलिस थाना डभरा में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसमें एकमात्र आरोपी लोकनाथ डडसेना की गिरफ्तारी 11 अप्रैल 2024 को हुई है। जबकि, शेष आरोपीगण 13 मार्च 2024 से फरार हैं। आरोपीगण प्रभावशील व ऊंची पहुंच वाले है, जिस कारण डभरा पुलिस अभी तक आरोपीगण को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। आरोपीगण से लगातार डभरा पुलिस सम्पर्क में है। इसके बावजूद उन्हें गिरफ्तार नहींं कर रही है, जिसके कारण आरोपीगण उसे (पीड़िता) व उसके परिवार वालों को धमका रहे हैं। 17 अप्रैल 2024 को आरोपीगण के रिश्तेदार परमेन्द्र नशीने (पप्पू) व उनके अन्य रिश्तेदार के माध्यम से उसे (पीड़िता) व उसके परिवार वालों को धमकी दिए हैं कि पुलिस रिपोर्ट वापस ले ले और समझौता कर ले, नहीं तो उसे (प्रार्थिया) व उसके परिवार वालों को जान से मार देंगे और अन्य कई प्रकार के झूठे मामले बनाकर फंसा देंगे। डभरा पुलिस जानबूझकर फरार आरोपीगण को गिरफ्तार करने से बच रही है। पुलिस भी कह रही है कि ऊंचे अधिकारियों का दबाव आ रहा है। संतोष नशीने रायपुर में वकालत करता है, प्रवीण बसना एवं रायपुर में अपनी महिला मित्र के साथ है तथा लक्ष्मी डडसेना तमनार में है, अखिलेश डडसेना बसना में है तथा उसकी रिश्तेदार सरस्वती जो कि रायपुर में रहती है, उनके यहां रह रहे हैं और आरोपीगण खुलेआम घूम रहे हैं। इस सब की जानकारी प्रार्थिया द्वारा डभरा पुलिस को लगातार देने के बावजूद पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने से बच रही है। आरोप है कि 21 अप्रैल 2024 को डभरा थाने के टीआई को पीड़िता ने उपरोक्त फरार आरोपीगण के रहने की जानकारी देकर उन्हें गिरफ्तार करने संबंधी निवेदन किया, तब टीआई द्वारा पीड़िता के साथ अभद्र व्यवहार किया गया और आरोपीगण को बचाने का प्रयास किया गया है। पीड़िता को डभरा पुलिस द्वारा हतोत्साहित किया जा रहा है। फरार आरोपीगण की गिरफ्तारी नही होने से पीड़िता व उसके परिवार के जीवन में खतरा उत्पन्न हो गया है। डभरा पुलिस द्वारा उक्त गंभीर मामले में लापरवाही बरती जा रही कि, जिससे पीड़िता को ठीक ढंग से न्याय प्राप्त करने में देरी हो रही है। पीड़िता ने डीजीपी से फरार आरोपीगण की तत्काल गिरफ्तारी के लिए संबंधित प्राधिकारी को उचित दिशा-निर्देश प्रदान करने एवं समुचित व आवश्यक कार्यवाही करते हुए शीघ्र न्याय दिलाने का आग्रह किया है।




