Latest Posts

जो कहा वह किया और जो नहीं कहा वह भी करके दिखाया : नड्डा

छत्तीसगढ़ सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर पुलिस लाइन में जनादेश परब का
भव्य आयोजन
जांजगीर-चांपा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार के सफल दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिले के खोखराभाठा पुलिस लाइन मैदान में आयोजित जनादेश परब में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने मंच से प्रदेश की उपलब्धियों, जनकल्याण और भविष्य की दिशा पर स्पष्ट संदेश दिया। वंदे मातरम और राज्यगीत के साथ आरंभ हुए कार्यक्रम में जनविश्वास, गौरव और निर्माण के संकल्प को दोहराया गया।
केंद्रीय मंत्री श्री नड्डा ने कहा कि “जो कहा था, वह किया – और जो नहीं कहा था,वह भी करके दिखाया।” उन्होंने दो वर्षों के रिपोर्ट-कार्ड को रेखांकित करते हुए बताया कि सरकार ने किसानों, महिलाओं, युवाओं और श्रमिकों के हित में
संवेदनशील और परिणामकारी निर्णय लिए हैं, जिनका असर जमीनी स्तर पर दिख रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के पहले महीने में किसानों को 3700 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान और बीते दो वर्षों में 1.25 लाख करोड़ रुपये का प्रत्यक्ष अंतरण अन्नदाताओं के सम्मान का प्रमाण है। भूमिहीन कृषि मजदूरों के लिए 5 लाख से अधिक हितग्राहियों को 10-10 हजार रुपये की सहायता दी गई,जिससे उनकी सामाजिक-आर्थिक सुरक्षा मजबूत हुई। महिलाओं के स्वावलंबन हेतु महतारी वंदन योजना और महतारी सदन, पीएम जनमन के तहत 70 लाख परिवारों को लाभ तथा धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष योजना के माध्यम से आदिवासी समाज के सशक्तिकरण को उन्होंने सरकार की संवेदनशीलता का उदाहरण बताया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ का रेलवे बजट 22 गुना बढ़ा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सरकार आम जनता के विश्वास पर खरा उतरने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री आवास, महतारी वंदन,भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना, चरण पादुका सहित अनेक योजनाओं से विकास को गति मिली है। मुख्यमंत्री श्री साय ने स्पष्ट किया कि नक्सलवाद की कमर तोड़ने और नक्सल-मुक्त छत्तीसगढ़ के लक्ष्य की दिशा में ठोस प्रगति हुई है।
सुरक्षा, पुनर्वास और विकास – तीनों मोर्चों पर समन्वित रणनीति से शांति और
समृद्धि का मार्ग प्रशस्त हुआ है। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि जांजगीर-
चांपा में जनादेश परब का आयोजन जिले के लिए ऐतिहासिक क्षण है। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटियों को एक-एक कर पूरा किया जा रहा है। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सरकार बनने के बाद 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं और विकास के सभी कार्यों को तेज़ी से आगे बढ़ाया जा रहा है। वित्त मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि सरकार ने लोकतंत्र, जनविश्वास और सुशासन को सुदृढ़ किया है। विजन डॉक्यूमेंट के माध्यम से छत्तीसगढ़ विकास के नए मानक गढ़ रहा है। जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव ने सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर जनता को बधाई देते हुए कहा कि इस अवधि में विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं और योजनाओं  लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जे पी नड्डा ने छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में 2 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों के रिपोर्ट-कार्ड और “सेवा के 2 साल” पुस्तक का विमोचन किया,जिसमें सरकार की दो वर्ष की उपलब्धियों को प्रस्तुत किया गया है। कार्यक्रम के दौरान जांजगीर-चांपा की विशिष्ट पहचान को रेखांकित करते हुए कोसा और कांसा भेंटकर अतिथियों का पारंपरिक स्वागत-अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में बीते दो
वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित वीडियो का प्रदर्शन हुआ। केंद्रीय मंत्री जे पी
नड्डा और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विभिन्न विभागों की विकासमूलक प्रदर्शनी का अवलोकन किया। कार्यक्रम में पीएम आवास योजनांतर्गत लाभार्थियों को चाबियां सौंपी गईं। इस दौरान कृषि मंत्री राम विचार नेताम, कौशल विकास,तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने जनादेश परब को संबोधित करते हुए विगत 02 वर्ष में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य निरंतर विकास होने की बात कही। जनादेश परब में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत लगाए गए विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान कर उन्हें सामग्री, प्रमाण-पत्र एवं सहायता राशि का वितरण भी किया। इस अवसर पर
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, मंत्रीगण दयालदास बघेल, केदार कश्यप, लखन
लाल देवांगन, श्याम बिहारी जायसवाल, श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, टंकराम वर्मा,
गजेन्द्र यादव, गुरु खुशवंत साहेब, राजेश अग्रवाल छत्तीसगढ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, पूर्व सांसद श्रीमती कमला देवी पाटले, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजि सत्यलता आनंद मिरी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया, नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला अध्यक्ष श्रीमती रेखा देवा गढेवाल, नगर पालिका परिषद चांपा अध्यक्ष प्रदीप नामदेव, गुलाब सिंह चंदेल, प्रशांत सिंह, अमर सुलतानिया,संभाग आयुक्त सुनील कुमार जैन, आईजी संजीव मिश्रा, कलेक्टर जन्मेजय महोबे,पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय सहित अन्य सांसद-विधायकगण जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
नड्डा ने कहा नारायण चंदेल के साथ चाय की चुस्की लेने के बाद निकले थे
जनसंपर्क पर
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने पूर्व नेता प्रतिपक्ष
नारायण चंदेल के साथ किए गए जनसंपर्क को याद करते हुए कहा कि जांजगीर
से उनका पुराना नाता है पिछले बार जब भी जांजगीर आए थे तो नहर किनारे
वाले विश्रामगृह (आईबी रेस्ट हाउस) में वे रात रूके थे और दूसरे दिन रेलवे स्टेशन के पास नारायण चंदेल के साथ चाय की चुस्की लेने के बाद जनसंपर्क पर निकले थे।

Latest Posts

Don't Miss