सुसाइड नोट में लिखा- पति को परेशान मत कीजिएगा, अपनी मर्जी से फांसी लगा रही

कोरबा। जिले में करवा चौथ के दिन 23 साल की एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस को घर से एक सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें लिखा है कि मैं अपनी मर्जी से फांसी लगा रही हूं। मेरे पति को परेशान मत कीजिएगा।
पूरा मामला हरदीबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़ापार बस्ती का है, जहां दीपका निवासी अंजलि रात्रे नाम की महिला ने डेढ़ साल पहले ही मुड़ापार निवासी मनोज रात्रे से लव मैरिज की थी। दोनों की एक मासूम बेटी भी है।
जानकारी के मुताबिक करवा चौथ के दिन दोपहर में महिला के सास-ससुर खेत गए थे। पति काम पर गया था और बच्ची खेल रही थी। इसी दौरान अंजलि सुसाइड नोट लिखकर छोड़ने के बाद फांसी के फंदे पर लटक गई। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जब परिजन घर लौटे, तब अंजली फांसी पर झूलती मिली। यह मंजर देखकर घरवाले घबरा गए और रोने लगे। अंजलि की मौत के बाद मोहल्ले में मातम पसर गया है। सुसाइड नोट जरूर मिला है, लेकिन मौत की वजह स्पष्ट नहीं है।
हरदी बाजार थाना प्रभारी नितिन उपाध्याय ने बताया कि घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम करवाया गया। फिलहाल पुलिस मामले में बयानों के आधार पर आगे की तफ्तीश में जुटी है।



