
कोरबा। प्रदेश पंचायत सचिव संघ के प्रांताध्यक्ष उपेंद्र सिंह पैकरा द्वारा संगठन में मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से संघ का विस्तार करते हुए पंचायत सचिवों को नई जिम्मेदारियां सौंपी है। जहां 57 पदाधिकारियों को प्रदेश कार्यकारिणी में स्थान दिया है, वहीं पाली जनपद पंचायत क्षेत्र के सचिव सुनील जायसवाल को प्रदेश महामंत्री नियुक्त किया गया है। नए कार्यकारिणी के विस्तार में 4 संयोजक, 3 कार्यकारी प्रांताध्यक्ष, महासचिव, कोषाध्यक्ष, वरिष्ठ प्रवक्ता, 9 उपप्रांताध्यक्ष, 11 महामंत्री, 11 संगठन सचिव, 3 सह सचिव, 4 सह कोषाध्यक्ष, 2 मीडिया प्रभारी, 2 सोशल मीडिया प्रभारी, 2 सह मीडिया प्रभारी व 2 सह प्रवक्ता शामिल हैं। नए जिम्मेदारी में कोरबा जिले से 3 सचिवों को प्रदेश इकाई में स्थान मिला है, जिसमें सुनील जायसवाल को महामंत्री बनाने के अलावा संवित साहू उपप्रांताध्यक्ष एवं धर्म राज मरकाम संगठन सचिव बनाए गए हैं। पिछली प्रदेश कार्यकारिणी में सुनील जायसवाल ने प्रदेश महामंत्री के पद पर निष्ठापूर्ण अपने दायित्व का निर्वहन किया था। उसी के तहत वर्तमान में भी उन्हें दोबारा महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिसके लिए उन्होंने प्रांताध्यक्ष का आभार जताया है। बता दें कि सुनील जायसवाल संघ के अत्यंत जुझारू व सक्रिय पदाधिकारी रहे हैं। ऐसे में इनके अनुभवों का नई कार्यकारिणी को भी लाभ मिलेगा। सुनील को पुन: प्रदेश की जिम्मेदारी मिलने पर पंचायत सचिवों ने हर्ष व्यक्त की है तथा उन्हें शुभचिंतकों, समर्थकों ने शुभकामनाएं दी है। श्री जायसवाल ने कहा कि उन्हें फिर से जो जिम्मेदारी प्रदेश में मिली है, उसे निष्ठापूर्वक पूरी ईमानदारी के साथ निर्वहन करूंगा और सचिव संघ को और मजबूत बनाने की दिशा में टीम के साथ कार्य करूंगा और सचिवों के हित में जो भी कार्य होगा, संगठन के बैनरतले इसे मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा।



