कोरबा,जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत – गेवरा बस्ती निवासी रामलखन तिवारी का 15 वर्षीय पुत्र विनय कुमार तिवारी बीते रविवार की दोपहर किसी बात से नाराज होकर घर से निकल गया था। देर रात जब वह नहीं लौटा तो उसकी चिंता घरवालों को सताने लगी उन्होंने कुसमुंडा पुलिस को इसकी सूचना दी साथ ही सोशल मीडिया पर भी उसकी तस्वीर वायरल कर उसकी पतासाजी करने लगे । कुसमुंडा पुलिस ने मामले को गंभीरता को समझते हुए गुमशुदा छात्र की पतासाजी में जुट गई। अलग-अलग थाना क्षेत्रों से लेकर अन्य जिलों से भी छात्र के जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा था। इसी दौरान पता चला कि छात्र पाली क्षेत्र में देखा गया है। पुलिस परिजनों के साथ पाली पहुंची जहां से पता चला कि उसने एक होटल में खाना खाया है और वह आगे बढ़ गया है। पुलिस ने रतनपुर पाली के मध्य स्थित टोल नाका में सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो वह बालक बिलासपुर की ओर जाता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने आशंका जताई कि बालक हो ना हो रेलवे स्टेशन की ओर गया होगा पुलिस परिजनों के साथ सोमवार की देर रात बिलासपुर स्टेशन के पास पहुंची वहां आसपास कानों में छात्र की तस्वीर दिखाकर पतासाजी करने लगी। इसी दौरान छात्र एक होटल में दिखाई दिया, जिसे समझा-बुझाकर कुसमुंडा पुलिस घर ले आई। छात्र के मिल जाने से परिजनों ने राहत की सांस ली है। परिजनों ने कुसमुंडा पुलिस का आभार जताया है। बच्चे को सकुशल घर वापसी करने में थाना प्रभारी राजेश जांगड़े के नेतृत्व में आरक्षक चंद्रशेखर, संजय सिंह, सुरेश केवट एवम संजय तिवारी की अहम भूमिका रही l



