कोरबा: कोरबा जिले के थाना उरगा क्षेत्र में घटित एक सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। तंत्र-मंत्र के जरिए 5 लाख रुपये को 2 करोड़ 50 लाख रुपये करने का लालच देकर तीन लोगों की हत्या की गई। इस मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक कोरबा भूषण एक्का एवं नगर पुलिस अधीक्षक दर्री विमल पाठक के मार्गदर्शन में गठित विशेष जांच टीम द्वारा की गई।
फार्म हाउस में मिली थी तीन लाशें
दिनांक 11-12-2025 को थाना उरगा अंतर्गत ग्राम कुदरी स्थित एक फार्म हाउस में तीन व्यक्तियों की संदिग्ध मृत्यु की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम गठित कर घटनास्थल निरीक्षण, शव पंचनामा, साक्ष्य संकलन एवं गवाहों से पूछताछ शुरू की गई
जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी तांत्रिक आशीष दास ने तंत्र-मंत्र के जरिए रकम कई गुना करने का झांसा देकर मृतक नितेश रात्रे, असरफ मेमन एवं सुरेश साहू को असरफ मेमन के फार्म हाउस में बुलाया था।
दिनांक 10-12-2025 की रात आरोपी अपने साथ नायलॉन रस्सी, नींबू, नारियल, अगरबत्ती सहित तंत्र-मंत्र सामग्री लेकर फार्म हाउस पहुँचा। उसने तंत्र क्रिया के बहाने एक-एक कर मृतकों को कमरे के अंदर बुलाया और बाहर खड़े सह-आरोपियों से रस्सी खिंचवाकर गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी।
पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि
घटना के बाद मृतकों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में तीनों मृतकों की मृत्यु का कारण Asphyxia due to ligature strangulation (नायलॉन रस्सी से गला घोंटने के कारण दम घुटना) तथा मृत्यु की प्रकृति Homicidal (हत्या) पाई गई।
6 आरोपी गिरफ्तार, सामान जब्त
मामले में थाना उरगा में अपराध क्रमांक 544/2025, धारा 103(1), 61(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
जब्त सामग्री:- नायलॉन रस्सी, तंत्र-मंत्र सामग्री, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल, स्कूटी, इनोवा कार, नगद ₹5 लाख रुपए
गिरफ्तार आरोपी-
आशीष दास (24 वर्ष), निवासी – बिलासपुर
राजेन्द्र जोगी (75 वर्ष), निवासी – बिलासपुर
केशव सूर्यवंशी (55 वर्ष), निवासी – सकरी, बिलासपुर
अश्वनी कुर्रे (42 वर्ष), निवासी – सकरी, बिलासपुर
संजय साहू उर्फ लव कुमार साहू (46 वर्ष), निवासी – सीपत, बिलासपुर
भागवत प्रसाद (48 वर्ष), निवासी – जांजगीर-चांपा




