कोरबा ,अक्षय तृतीया पर शनिवार को शहर भर में अबूझ मुहूर्त में बैंडबाजों की धुनों पर बाराती झूमेंगे तो शहनाई गूंजेगी। शादी, विवाह के चलते शहर में अधिकांश होटल, मैरिज होम, गार्डन एवं धर्मशालाएं बुक हो चुकी हैं। आचार्यों का कहना है की अक्षय तृतीया को अबूझ मुहूर्त कहा जाता है। इसमें विवाह के लिए मुहूर्त निकलवाने की आवश्यकता नहीं रहती है।
महामुहूर्त में परिजन युवक-युवतियों का विवाह कर सकते हैं। इस दिन को मूल्यवान वस्तुओं की खरीदारी के लिए विशेष शुभ माना जाता है। इस बार अक्षय तृतीया ग्रहों का सुखद संयोग लेकर आ रही है।
अक्षय तृतीया को लेकर शुक्रवार को भी बाजारों में जमकर खरीदारी हुई। पंरपरा के अनुसार लोगों ने स्वर्ण आभूषणों के साथ कपड़े, वाहन, मकान, दुकान आदि की खरीदारी की। इससे शहर के प्रमुख बाजारों में ग्राहकों की भीड़ देखी गई। अच्छी बिक्री होने से दुकानदारों के चेहरे खिले नजर आए।



