कोरबा,मंगलवार को सूर्य ग्रहण की वजह से दीवाली के दूसरे दिन मनाया जाने वाला गोवर्धन पूजा का पर्व बुधवार को मनाया जाएगा। सोमवार को ऊर्जाधानी में धूमधाम से मुख्य दीवाली का पर्व मनाया गया। 5 दिनी दीपोत्सव पर्व के अगले दिन गोवर्धन पूजा की जाती है। लेकिन इस बार सूर्यग्रहण होने से 26 अक्टूबर को गोवर्धन पूजा का पर्व मनाया जाएगा। शुभ मुहूर्त में दीपावली पर्व पर घरों व दुकानों समेत विभिन्न संस्थानों व व्यापारिक प्रतिष्ठानों में मां लक्ष्मी की पूजा की गई। शहर से लेकर गांव दीयों की रौशनी से जगमगाया। मां लक्ष्मी की पूजा कर लोगों ने पटाखे भी फोड़े। लोगों ने घरों व अपने प्रतिष्ठानों के मुख्य द्वार पर मां लक्ष्मी के स्वागत में आकर्षक रंगोली बना रखे थे। रंग-बिरंगी झालर लाइट व दीयों से घर-आंगन जगमगा उठे। अब 26 अक्टूबर को गोवर्धन पूजा होगी। इसकी वजह मंगलवार को सूर्य ग्रहण है। ज्योतिषियों की माने तो सूर्य ग्रहण के 12 घंटे पहले सूतक काल शुरू हो जाता है। ऐसे में मंगलवार की सुबह 4 बजे से सूतक काल शुरू हो गया है। शाम 6.20 बजे ग्रहण काल समाप्त होगा। इसके बाद लोग पूजा-आराधना कर सकेंगे।



