
कोरबा । कोरबा जिलान्तर्गत लेमरू मुख्य मार्ग पर एक बाइक अनियंत्रित होकर करीब दस फीट नीचे खाई में जा गिरी। उक्त हादसे में बाइक सवार दो बुजुर्ग की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई, वहीं तीसरा युवक गंभीर घायल हैं।
जानकारी के अनुसार, लेमरू थानांतर्गत ग्राम देवपहरी में निवासरत बंटी मिश्रा नामक व्यक्ति ग्राम के ही पुसऊ राम मंझवार (65 वर्ष) और कांटाद्वारी निवासी मुखीराम कंवर (60 वर्ष) को लेकर कोरबा आया था। दिन में बैंक सहित अन्य कई निजी कार्य को करने के पश्चात तीनों बाइक में सवार होकर घर के लिए रवाना हुए।
रास्ते में बाइक अनियंत्रित होकर करीबन दस फीट नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार दोनों बुजुर्ग की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई, वहीं युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। खाई में काफी देर तक पड़े रहने के बाद घायल युवक ने किसी तरह रेंगते हुए मुख्य मार्ग पर पहुंचकर राहगीरों को घटना की जानकारी दी।
मामले की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जितेंद्र यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल रवाना किया। मामले में पुलिस वैधानिक कार्यवाही उपरांत जांच में जुट गई है।



