कोरबा …. जिले में निर्वाचन कार्य में मतदान दलों को मतदान सामग्री वितरण स्थल आईटी कॉलेज परिसर से मतदान केंद्रों तक ले जाने और मतदान के बाद पुन: ईवीएम मशीन जमा करने वापस लाने के लिए सैकड़ों वाहनों का अधिग्रहण किया गया था। जिसमें कोरबा में चलने वाली करीब 100 बसें भी शामिल थी। मतदान से 2 दिन पहले ही वाहनों का अधिग्रहण कर लिया गया था। जिससे कई मार्गो पर बसों का परिचालन प्रभावित हो गया था। शुक्रवार की शाम मतदान पूरा होने के बाद से मतदान दल की आईटी कॉलेज के लिए वापसी शुरू हुई। लेकिन अधिकांश मतदान केंद्रों में मतदाता अधिक होने या मतदान की गति धीमी होने से देर शाम व रात तक मतदान चलता रहा। मतदान दलों को वापस लेकर पहुंचने में दूरस्थ क्षेत्र में भेजे गए वाहनों को वापस पहुंचने में ज्यादा समय लगा। सुबह 4 बजे तक मतदान दल को लेकर वाहन वापस पहुंचे। ज्यादातर बसें देर रात से लेकर सुबह तक पहुंची। जिसके बाद उन्हें अधिग्रहण मुक्त करने में घंटों लग गए। इस कारण बसें जब तक बस स्टैंड पहुंची ज्यादातर का समय निकल चुका था। ऐसे में बसें स्टैंड में खड़ी रही और चौथे दिन भी कई रूट पर बसें नहीं चल सकी। हालांकि जिनकी टाइमिंग दोपहर बाद थी वे जरूर यात्री लेकर रवाना हुए। बसों के नहीं चलने से संबंधित मार्ग पर आवाजाही करने वाले यात्रियों को परेशान होना पड़ा।
बस मालिक संघ के अध्यक्ष मुकेश जायसवाल ने बताया कि निर्वाचन कार्य में अधिग्रहित की गई यात्री बसें वापस लौट चुकी है। रविवार से सभी बसों का परिचालन पुनः शुरू हो जाएगा।



