कोरबा, नए साल को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। शहर के होटल, रिर्सोट्स, अपार्टमेंट्स सोसाइटीज में शुक्रवार की देर शाम तक तैयारियां चल रही थी। पिछली बार की अपेक्षा इस बार यह लोग ज्यादा उत्सुक नजर आ रहे हैं। नए वर्ष को लेकर होटल और रेस्टोरेंट मालिकों ने डिस्काउंट की भी व्यवस्था कर रखी है।
कल से नए वर्ष का आगमन हो रहा है, जिसकी तैयारियों में होटल, रेस्टोरेंट, केक, फूल आदि के व्यापारियों ने अपनी दुकानों को रंग बिरंगी विद्युत झालरों व डेकोरेशन कर सजा रखा है। व्यापारी ग्राहकों को लुभाने के लिए कुछ डिस्काउंट भी तय कर रहे हैं। कई होटल में बुकिंग फुल होने के कारण कई लोगों को वापस कर दिया गया है। शुक्रवार की देर शाम तक यहां लोग सजावट का कार्य करते नजर आए। इसी तरह रेस्टोरेंट में भी आकर्षक डेकोरेशन कर सजावट का कार्य चल रहा है। यहां भी बुकिंग फुल होने पर लोगों को मना कर दिया गया। रेस्टोरेंट संचालक ने बताया कि ग्राहक को बिल के आधार पर कम या ज्यादा डिस्काउंट दिया जाएगा। बेकरी की दुकानों पर पहले से ही बुकिंग हो गई है। बेकरी मालिक ने बताया कि पिछली बार से इस बार ज्यादा बुकिंग हुई है। उन्होंने बताया कि इस बार अच्छा व्यापार होने के आसार है। यहां 300 रुपए से 1500 रुपए तक के केक तैयार किए जा रहे हैं।





0 रात 12 बजते ही शुरु हो जाएगा हैप्पी न्यू ईयर आज रात 12 बजते ही लोग एक दूसरे के मोबाइल फोन पर मैसेज और कॉल करके हैप्पी न्यू ईयर बोलना शुरु कर देंगे। नए साल को लेकर इस वर्ष लोगों में काफी उल्लास नजर आ रहा है। पुराने वर्ष की विदाई और नए साल के आगाज को लेकर मंदिरों में हवन पूजन और सुदरकांड के पाठ शुरु हो गए है
0 नए साल के आगाज पर चप्पे-चप्पे पर रहेगी प्रशासन की पैनी नजर
नए साल के आगाज पर जहां लोग जश्न में डूबने के इंतजार में बैठे हुए है तो वहीं इस पर जिले के आलाधिकारी भी हुड़दंग करने वाले हुड़दंगियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए मन बनाए हुए बैठे है। नए साल पर अगर किसी भी व्यक्ति के द्वारा तरह की हुड़दंगई की जाएगी तो तत्काल उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यहीं नहीं शराब के नशे में अगर हुड़दंग करते हुए लोग पकड़े जाएंगे तो उन्हें इस सलाखों के पीछे भी पहुंचा दिया जाएगा। जी हां नए साल की खुशी मनाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से अपील की गई है कि सभी लोग हंसी खुशी के साथ नए साल के आगाज का आनंद ले और किसी तरह की कोई उदंडता न करें। वहीं इस बार नए साल पर सादी वर्दी में जहां होटल और पार्क के साथ धार्मिक स्थलों पर पुलिस तैनात किए गए है तो वहीं किसी भी तरह की कोई अप्रिय घटना न हो इसके लिए पहले से तैयारियां पूरी कर ली गई है।
नए साल के आगमन और पुराने साल की विदाई को लेकर शुक्रवार से ही शहर के होटल और पार्को को सजाया संवारने शुरु कर दिए गए थे। होटल में जहां लोगों के लिए लजीज व्यंजन बनाने की कवायद चल रही है तो वहीं फूल मालाओं से होटल और मंदिरों को संजाने की संवारने का काम तेज के साथ चल रहे थे।
0 कभी होता था ग्रीटिंग का बड़ा कारोबार
दो दशक पूर्व तक नव वर्ष पर एक-दूसरे को बधाई देने के लिए लोग ग्रीटिंग कार्ड खरीदते थे। इसके साथ ही ग्रीटिंग कार्ड की छपाई करने वाले और बेचने वाले कारोबारियों व्यापार बढ़ जाता था। ग्रीटिंग और गिफ्ट आइटम कारोबारी बताते हैं वर्ष 2000 से पहले तक हजारों की संख्या में ग्रीटिंग कार्ड बिकते थे, लेकिन अब इनकी संख्या सैकड़ों में भी नहीं रही है, साथ ही ग्रीटिंग कार्ड एक-दूसरे को भेजने के लिए डाकघर का भी काम बढ़ जाता था। मगर, अब ऐसा नहीं है। डाक विभाग के कर्मचारी बताते हैं कि दो दशक पूर्व तक नववर्ष पर ग्रीटिंग कार्ड बांटने के लिए डाकिए पूरे दिन व्यस्त रहते थे। क्योंकि, बड़ी संख्या में डाकघर के माध्यम लोग ग्रीटिंग भेजते थे, अब ऐसा नहीं है। लोग सोशल मीडिया के माध्यम से ही एक-दूसरे को बधाई देते हैं।



