Latest Posts

कोयला मंत्रालय अपर सचिव ने उत्पादन बढ़ाने दिया जोर


कोरबा …….. सार्वजनिक क्षेत्र के वृहद उपक्रम कोल् इंडिया के अधीन एसईसीएल बिलासपुर की कोरबा-पश्चिम क्षेत्र में स्थापित खुले मुहाने की गेवरा कोयला परियोजना का कोयला मंत्रालय भारत सरकार की अपर सचिव विस्मिता तेज ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की।
बैठक में उत्पादन-उत्पादकता एवं प्रेषण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इसके साथ ही एफएमसी अंतर्गत साइलो एवं प्रेषण के लिए रेल रैकों की उपलब्धता पर भी विस्तार से चर्चा हुई। अपर सचिव तेज ने रेलवे के अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए मेगा परियोजनाओं से रेल के माध्यम से कोयला प्रेषण पर विस्तृत चर्चा की।
दौरे पर अपर सचिव के साथ कोल इंडिया निदेशक (विपणन) मुकेश चौधरी, निदेशक तकनीकी संचालन एवं योजना-परियोजना एसएन कापरी, क्षेत्रीय महाप्रबंधक एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वित्तीय वर्ष समाप्त होने के लिए चार माह का वक्त शेष रह गया है और कंपनी को लक्ष्य हासिल करने के लिए उत्पादन बढ़ाने की आवश्यकता हो गई है। मेगा प्रोजेक्ट गेवरा, दीपका व कुसमुंडा में न केवल एसईसीएल, कोल इंडिया की नजर है, बल्कि कोयला मंत्रालय भी लगातार नजर रखते हुए उत्पादन पर जोर दे रहा है, ताकि देश की ऊर्जा मांग को पूरा किया जा सके।

Latest Posts

Don't Miss