
बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) की मेजबानी में कोल इंडिया अंतर-कंपनी शतरंज प्रतियोगिता 2025-26 का भव्य शुभारंभ गुरुवार को वसंत विहार टाउनशिप स्थित वसंत क्लब में हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास रहे।
12 से 14 मार्च तक आयोजित इस प्रतियोगिता में कोल इंडिया की सभी आठ अनुषंगी कंपनियों के साथ-साथ सिंगरेनी कोलियरीज कंपनी लिमिटेड के खिलाड़ी भी भाग ले रहे हैं।
उद्घाटन अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास ने खिलाड़ियों एवं उपस्थितजनों को खेल भावना की शपथ दिलाई। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि शतरंज केवल एक खेल नहीं, बल्कि रणनीति, धैर्य, योजना और निर्णय क्षमता का उत्कृष्ट संगम है। 64 खानों वाले शतरंज बोर्ड पर लिया गया हर निर्णय सोच-समझकर होता है और यही गुण हमें अपने व्यावसायिक तथा दैनिक जीवन में भी बेहतर बनने के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम में अतिथियों ने विभिन्न टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम की शुरुआत सुंदर स्वागत गीत से हुई, जिसके बाद छत्तीसगढ़ के पारंपरिक कर्मा नृत्य और ओडिसी नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी गई।
इस अवसर पर श्रमसंघ प्रतिनिधियों में एसईसीएल कल्याण मंडल के सदस्य बजरंगी शाही, मुख्यालय के विभिन्न विभागाध्यक्ष, एसईसीएल मुख्यालय कल्याण मंडल समिति, संयुक्त परामर्श समिति एवं क्षेत्रीय कल्याण समिति के सदस्य, विभिन्न परिषदों एवं संघों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में स्वागत भाषण महाप्रबंधक (कल्याण) जी. श्यामला राव ने दिया। मंच संचालन मुख्य प्रबंधक (पर्यावरण) शेख जाकिर हुसैन ने किया, जबकि अंत में धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ प्रबंधक (कल्याण) विवेक कुमार सिंह ने प्रस्तुत किया।




