रायपुर, (संवाद साधना)। एमएमआई नारायणा अस्पताल में महिलाओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के अंतर्गत एक दिवसीय नि:शुल्क ईसीजी जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर 17 सितंबर को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर हृदय स्वास्थ्य की जांच करवाई। यह राष्ट्रव्यापी अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लॉन्च किया गया, जिसका उद्देश्य महिलाओं में हृदय रोगों की समय रहते पहचान कर उन्हें उचित इलाज और जागरूकता प्रदान करना है। नारायणा हेल्थ ने देशभर में स्थित अपने 20 से अधिक हॉस्पिटल यूनिट्स के माध्यम से एक ही दिन में 5,000 नि:शुल्क ईसीजी करने का लक्ष्य रखा है। अस्पताल की संस्थापक डॉ. देवी शेट्टी ने कहा कि महिला का स्वास्थ्य पूरे परिवार की नींव होता है। ईसीजी जैसी प्रारंभिक जांच से गंभीर हृदय समस्याओं से समय रहते बचाव संभव है।



